शाहरूख खान की बेटी सुहाना खान ज़ोया अख्तर की इस फिल्म से डेब्यू करेंगी, दो और स्टारकिड्स के साथ
शाहरूख खान की बेटी, सुहाना खान के डेब्यू पर हर किसी की नज़र है और पिछले साल से ही उनके डेब्यू की खबरें उड़ रही हैं। कभी करण जौहर तो कभी आदित्य चोपड़ा और कभी खुद शाहरूख खान की कंपनी रेड चिलीज़। लेकिन अब बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट की मानें तो शाहरूख खान की बेटी सुहाना खान आखिरकार अपना फिल्म डेब्यू करने जा रही हैं ज़ोया अख्तर के साथ।
ज़ोया अख्तर एक स्क्रिप्ट पर काम कर रही हैं जो मशहूर इंटरनेशनल कॉमिक्स आर्ची कॉमिक्स का फिल्म वर्जन होगा। और इस फिल्म की परफेक्ट कास्टिंग की शुरूआत ज़ोया अख्तर ने सुहाना खान के साथ की है। खबरों की मानें तो फिल्म में सुहाना खान के साथ दो और स्टारकिड्स होंगे।

ये फिल्म टिपिकल हाईस्कूल ड्रामा होगी जो दोस्तों के एक ग्रुप की कहानी होगी, ठीक आर्ची कॉमिक्स की तरह। यूं कह लीजिए कि स्टूडेंट ऑफ द ईयर का एक और वर्जन। गौरतलब है कि बॉलीवुड में आर्ची कॉमिक्स पर फिल्म बनाने की तैयारी 2018 से चल रही है। दिलचस्प ये भी है कि करण जौहर की कुछ कुछ होता है भी कहीं ना कहीं आर्ची कॉमिक्स के किरदारों से प्रेरित थी।

एक्टिंग से दिल जीत चुकी हैं सुहाना
बात करें सुहाना खान के डेब्यू की तो एक्टिंग सुहाना के लिए नई नहीं है। उन्होंने पहली बार एक्टिंग से सबका दिल जीता था अपने स्कूल के प्ले रोमियो एंड जूलियट में। इस प्ले में सुहाना को परफॉर्म करते देखने के बाद खुद अभिनेत्री शबाना आज़मी ने सुहाना की अभिनय क्षमता की तारीफ करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की थी।

आडीशन में हुई थीं रिजेक्ट
खबरें थीं कि पिछले साल हॉलीवुड में मिस मार्वेल पर बन रही एक फिल्म के लिए सुहाना खान ने कमला खान के किरदार के लिए ऑडीशन दिया था। हालांकि सुहाना इस ऑडीशन को पास नहीं कर पाईं। सुहाना ने अपने कॉलेज में भी The Blue Part of Grey नाम की एक शॉर्ट फिल्म बनाई थी जहां वो खुद मुख्य किरदार में दिखाई दी थीं।

अक्सर होती हैं ट्रोल
सुहाना खान जबसे लाईलमाईट में आई हैं तब से उन्हें शाहरूख खान की बेटी होने की कीमत चुकानी पड़ी है। कभी वो बिकीनी पहनने के लिए ट्रोल होती हैं तो कभी छोटे कपड़े पहनने के लिए।कभी लोग उन्हें मुस्लिम होने के नाते ढंग के कपड़े पहनने की सलाह दे जाते हैं तो कभी उन पर नेपोटिज़्म का ठप्पा लग जाता है।

पहली वायरल तस्वीर
ये दो तस्वीरें, सुहाना खान की पहली वायरल तस्वीर थीं। पहली तस्वीर में वो अबराम के साथ छुट्टियां बिता रही थीं और उनकी बिकीनी की चर्चा हर जगह हो गई थी। जबकि तब सुहाना की उम्र बहुत छोटी थी। इसके बाद 16 साल की उम्र में सुहाना ने वोग के लिए एक फोटोशूट किया जिसके बाद उन्हें इतना ट्रोल किया गया कि वोग को अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के कमेंट सेक्शन को बंद करना पड़ा था।

पापा की कार्बन कॉपी सुहाना
सुहाना का जन्म 22 मई 2000 को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में हुआ था। शाहरूख खान के तीन बच्चों में से सुहाना खान सबसे शांत स्वभाव की मानी जाती हैं।जहां वो खुद को अपनी मां की परछाईं मानती हैं वहीं लोग सुहाना को शाहरूख खान की कार्बन कॉपी कहते हैं।

लोगों ने की कड़ी आलोचना
इसके बाद सुहाना की हर छोटी बड़ी गतिविधि पर नज़र रखी जाने लगी और उन्हें टार्गेट किया जाने लगा। कभी उनके लाइफस्टाइल पर तो कभी पहनावे पर। और कभी केवल शाहरूख की बेटी होने पर। सुहाना खान को अपनी इस तस्वीर के लिए भी काफी खरी खोटी सुननी पड़ी थी।

क्यों करती हैं इतनी पार्टी!
सुहाना खान को कभी कभी अपने दोस्तों के साथ निकलनेे के लिए भी शर्मिंदा होना पड़ता है। क्योंकि वो जब भी किसी के साथ देखी जाती हैं उसे तुरंत उनका बॉयफ्रेंड बना दिया जाता है। सुहाना खान की पार्टी करती तस्वीरें भी काफी वायरल होती हैं क्योंकि समाज के ठेकेदार जानना चाहते थे कि वो इतनी पार्टी क्यों करती हैं।

पहनावे के लिए सुनती हैें खरी खोटी
इन तस्वीरों को देख एक बार फिर से सुहाना को सलाह मिली कि उन्हें अपने पहनावे पर ध्यान देना चाहिए। जहां सुहाना को फिर से अपने पहनावे के लिए सुनना पड़ा वहीं कुछ लोग उनके मोबाईल कवर में दबे एटीएम और पैसों को देख ये बोलना नहीं भूले कि वाकई वो एक नॉर्मल लड़की हैं।

डेब्यू का रहेगा इंतज़ार
दिलचस्प ये है कि इतनी आलोचनाओं के बाद भी सुहाना इन्हें कभी दिल पर नहीं लेती और वो बिंदास अपनी लाइफ में जो करना है वो कर रही हैं। अब उनके डेब्यू की खबरें सुनकर हर किसी को केवल सुहाना को आर्ची कॉमिक के मज़ेदार किरदार में देखने का इंतज़ार रहेगा।


Click it and Unblock the Notifications