कलाकार हिंदू या मुस्लिम नहीं होता
सलमान खान फिल्म 'खामोशी' तथा 'हम दिल दे चुके सनम' के बाद एक बार फिर संजय लीला भंसाली के साथ उनकी आने वाली फिल्म 'सांवरिया' में 'ईमान' नामक मुस्लिम किरदार निभा रहे हैं. यह किरदार सलमान के व्यक्तित्व से काफी मिलता जुलता होने के कारण उन्हें अधिक प्रिय है. सलमान के शब्दों में उनका किरदार थोडा सा शैतान होने के साथ साथ तन्हाई पसंद और शांत है. साथ ही यह किरदार सलमान को इसलिए भी अधिक पसंद है क्योंकि उनके पिता सलीम की यह ख्वाहिश है कि वे यह नाम सलमान के बेटे का रखे.
संजय लीला भंसाली तथा उनकी फिल्मों के बारे में सलमान के अलग विचार हैं. उनकी फिल्मों के बारे में सलमान कहते हैं 'संजय की फिल्में यूं तो काफी बेहतरीन होती हैं मगर उनकी फिल्मों में ह्यूमर बहुत कम होता है जिसे मैं पूरा कर देता हूं.' संजय लीला भंसाली हमेशा से अपनी फिल्मों के भव्य सेट तथा बजट के कारण चर्चा का विषय बनते हैं. उनके इसी पहलू को उजागर करते हुए सलमान कहते हैं फिल्म 'खामोशी' से लेकर मैं संजय में कोई बदलाव नहीं देख रहा हूं. वह जैसे पहले थे वैसे ही आज भी हैं. फिल्मों के प्रति समर्पण का भाव उनमें तब भी था और आज भी बरकरार है.
फिल्मों के प्रति उनकी भक्ति इसी बात से ज़ाहिर होती है कि फिल्म बनाते वक़्त वह इसमें अपना पूरा पैसा लगा देते हैं. इस सिलसिले में मुझे 'खामोशी' के दौरान की एक घटना का ज़िक्र करना चाहूंगा. फिल्म की शूटिंग के दौरान एक सीन में संजय के पास फूल खरीदने के लिए भी पैसे नहीं थे. उन्होंने फूल वाले के पास जाकर अनुरोध किया कि वे कुछ समय के लिए फूल उधार दे दें. यही कारण है कि संजय की फिल्में ओवर बजट हो जाती हैं. वह अपनी आखिरी पाई भी फिल्म में लगा देते हैं.
शाहरुख खान की फिल्म 'ओम शांति ओम' तथा 'सांवरिया' का एक साथ रिलीज़ होना सलमान महज़ इत्तिफाक मानते हैं. दोनों फिल्मों के एक साथ रिलीज़ होने के कारण किसी एक फिल्म को नुकसान तो नहीं उठाना पडेगा? इस सवाल के जवाब में सलमान अपने ह्यूमर अंदाज़ में कहते हैं 'हमारे देश की आबादी बहुत अहि इसलिए ऐसा हो ही नहीं सकता कि कोई एक फिल्म को नुकसान उठाना पडे. मुझे यकीन है लोग दोनों फिल्में देखेंगे.'
अपनी अधिकतर फिल्मों में 'प्रेम' का किरदार निभा चुके सलमान अपने आपको हिंदू तथा मुस्लिम में नहीं बांटना चाहते. उनका कहना है 'कलाकार हिंदू या मुस्लिम नहीं होता. जहां तक मेरी बात है मैं खुशकिस्मत हूं कि मैं आधा हिंदू हूं और आधा मुस्लिम. मैं मंदिर मस्जिद दोनों जगह जाता हूं. दोनों में मेरी एक जैसी आस्था है.' सलमान की जोडी सिर्फ हीरोइन के साथ ही नहीं हीरो के साथ भी काफी जमी है. उनकी उपस्थिती हर हीरो के लिए खतरनाक साबित हुई है. आमिर तथा शाहरुख खान के साथ भी सलमान की जोडी को दर्शकों ने काफी पसंद किया है यह खुद सलमान भी मानते हैं. उनके साथ रही सुपरहिट केमिस्ट्री को एक बार फिर पर्दे पर देखने के लिए जब हमनें उनसे पूछा तो उन्होंने इसकी ज़िम्मेदारी आमिर और शाहरुख पर डालते हुए कहा 'यदि वह चाहे तो मैं ज़रूर उनके साथ एक बार फिर नज़र आऊंगा.'
सलमान के पास यूं तो काफी वजह हैं चर्चों में छाए रहने की मगर एक वजह है मीडिया के साथ उनकी दूरी जिसे स्वयं सलमान ने बनाई है. मीडिया के सवालों का ठीक से जवाब न देने वाले सलमान कहते हैं 'जब मुझसे सीधा सवाल पूछा जाएगा तो मैं सीधा जवाब दूंगा मगर दिक्कत यह है कि मुझसे हमेशा मेरे बजाय किसी और के बारे में अधिक पूछा जाता है. मुझे ज़रा भी ऐतराज़ नहीं है कि आप मुझसे मेरे बारे में जो चाहें वह पूछे मगर बीती बातों को क्यों गडे मुर्दों की तरह उखाडा जाता है और उनसे जुडे सवाल पूछे जाते हैं. साथ ही मुझसे यह उम्मीद की जाती है कि उन सवालों का मैं बिना कोई विरोध किए जवाब दूं.' मीडिया के साथ चल रही तना तनी की एक तस्वीर पेश करने के इरादे से सलमान ने अपनी आप बीती कथा सुनाई.
'अभी हाल ही में एक न्यूज़ चैनल की एक रिपोर्टर और उसका कैमरा मैन मेरे गाडी के सामनें खडे होकर मेरी गाडी ज़ोर ज़ोर से पीट रहे थे. उस समय मैं अपनी गाडी में था. उनकी इस हरकत पर मुझे बहुत गुस्सा आया था अगर उस समय मैं अपनी गाडी से निकलता और उन्हें कुछ कहता तो कैमरा मैन मेरी वह तस्वीर लेने में पीछे नहीं रहता. उसके बाद मेरी अलग छवि लोगों के सामनें प्रस्तुत की जाती. अब आप बताइए इसमें मेरी क्या गलती है?' मीडिया के सामने मीडिया की हरकत को जहां सलमान बयां कर रहे हैं वहीं सलमान मीडिया के साथ काफी दोस्ताना होने का भी दम भर रहे हैं. 'मुझे खुशी है इन दिनों मेरी इमेज मीडिया के सामने काफी अच्छी हो गई है. साथ ही एक दूसरे के प्रति हमारा व्यवहार काफी दोस्ताना हो गया है. उदाहरण के तौर पर अगर मैं कहीं सिगरेट पी रहा हूं और किसी फोटोग्राफर ने मुझे देख लिया और यदि मैं उससे कहूं कि मेरी तस्वीर वह न उतारे तो वह मान जाते हैं.' मुस्कुराते हुए सलमान ने कहा.


Click it and Unblock the Notifications