सलमान ने रितिक को गले लगाया, जाम पिलाया
सलमान खान ने हाल ही में 'गुजारिश' के बहाने अभिनेता रितिक रोशन और निर्देशक संजय लीला भंसाली पर अपने टीवी शो में खूब तंज कसे थे। भंसाली तो सुन कर मुंह में ताले लगा गए लेकिन बॉलीवुड के विनम्र अभिनेता रितिक से ना रहा गया और उन्होने 'दबंग' सलमान को कड़े जवाब दिए थे। सलमान अपनी दोस्ती के लिए भी बॉलीवुड में खूब जाने जाते हैं। इस बार भी उन्होने कुछ ऐसा किया कि रितिक के दिल का सारा मैल साफ हो गया।
ये याराना सलमान के छोटे भाई सोहेल की बर्थडे पार्टी में हुआ। सोहेल को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने पहुंचे बॉलीवुड अभिनेता रितिक रोशन का सलमान ने पार्टी में गर्मजोशी से स्वागत किया और उनका हाथ थाम कर उन्हे कोने में ले गए। दोनों ने ड्रिंक्स के जाम पर जाम उठाए और अपने मन का सारा हाल एक-दूसरे से कह डाला। फिर क्या था देखते ही देखते दोनों गले लगे और खूब हंसे।
लगता है सलमान की गुजारिश रितिक पर काम कर गई और उन्होने भंसाली की गुजारिश का अपमान भुला दिया। अब इसे सलमान का स्वभाव कह लें या फिर रितिक की विनम्रता लेकिन दोनों की पीठ इस काम के लिए जरूर ठोंकी जानी चाहिए। आखिर बॉलीवुड में ईगो क्लैशेज इतने ज्यादा हैं कि राई का पहाड़ बनना तो आम बात हैं। कहना पड़ेगा कि बॉलीवुड में कुछ लोग वाकई शानदार हैं।


Click it and Unblock the Notifications