सलमान की शादी! जाने कितनों के दिल टूटेंगे
सुना था कि 2012 में दुनिया खत्म हो जाएगी लेकिन क्या पता था कि सच में ऐसा होगा। सलमान से शादी के सपने देखने वाली लड़कियों के लिए तो कम से कम कुछ ऐसा ही हुआ है। ये साल खत्म होने तक उन्हें उनके सपनों के राजकुमार सलमान की शादी की खबरें सुनाई देने लगी हैं तो आखिर उनके लिये तो उनकी सपनों की दुनिया खत्म हो ही गयी ना। रही बात सलमान की शादी की तो इस खबर को सुनकर उनके बाकी फैन्स खुश जरुर हैं साथ ही सलमान के परिवार वाले भी सलमान के इस फैसले को जानकर काफी खुश हुए होंगे।
साल 2012 वैसे भी सलमान खान के लिए काफी अच्छा साबित हुआ। उनकी फिल्म 'एक था टाईगर' इस साल की सबसे ज्यादा कमाई वाली फिल्म साबित हुई तो 'दबंग 2' ने पहले ही दिन कई फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ खुद को इस साल की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई वाली फिल्म में शामिल कर लिया। सलमान के आगे शाहरुख खान और आमिर खान की फिल्में तो पानी भरती नज़र आईं। कह सकते हैं कि ये साल तो सलमान खान के नाम ही रहा और जाते जाते भी सलमान ने कुछ ऐसी बात कह दी है कि ये साल और भी यादगार हो गया। अब तो बस इंतजार है कि कब सलमान के सर पर सेहरा सजेगा और लाखों करोड़ों टूटे दिलों पर पैर रखकर सलमान किसी और के हमेशा हमेशा के लिए हो जाएंगे।


Click it and Unblock the Notifications
