सलमान शाहरुख को करीब लाएगा साल 2013
नये साल में लोग कुछ नये रिश्तों की शुरुआत करते हैं और कुछ पुराने रिश्तों में कुछ नयापन लाने की कोशिश करते हैं। बॉलीवुड में भी कुछ नये रिश्तों की शुरुआत होती नज़र आ रही है और कुछ पुराने टूटे हुए रिश्तों में सुधार होता भी नज़र आ रहा है। हम बात कर रहे हैं बॉलीवुड के सबसे ज्यादा खबरों की सुर्खियों में रहे दो खानों शाहरुख खान और सलमान खान की। इन दोनों के बीच की खाई को भर पाना तो वाकई बहुत मुश्किल हैं लेकिन इस खाई में यूं लग रहा है कि 2013 काफी हद तक मिट्टी डाल देगा। साल 2012 के खत्म होते होते कई बातें हुईं जिन्हें देखकर कुछ यूं महसूस हो रहा है कि दोनों खानों के दिलों में एक दूसरे के लिए बैठी गलतफहमी थोड़ी कम हो रही है।
हाल ही में बिग बॉस 6 के एक एपिसोड में सलमान खान ने बिग बॉस घर के सदस्य इमाम सिद्दीकी पर अपना गुस्सा जताते हुए शाहरुख खान की तारीफों के पुल बाध दिये। हुआ कुछ यूं कि इमाम ने सभी के सामने कहा कि उन्होंने शाहरुख खान और प्रीती जिंटा को एक ऐड के लिए कास्ट किया था और तभी से वो इतने बड़े स्टार हैं। तो सलमान खान ने इमाम को झाड़ पिलाते हुए कहा कि शाहरुख खान आज जो भी हैं वो अपने दम पर और अपने फैन्स के प्यार की वजह से हैं।

ये तो थी एक तस्वीर। अब देखिये दूसरा पहलू कल रात यानी 31 दिसंबर की रात को बिग स्टार एंटरटेनमेंट अवॉर्ड के दौरान जब सलमान खान की फिल्म एक था टाईगर को बेस्ट थ्रिलर फिल्म का अवॉर्ड मिला तो शाहरुख खान ने तालियां बजाईं और खुशी जाहिर की। साथ ही पिछले साल ये भी खबर आई थी कि शाहरुख खान ने सलमान खान की हाल ही में रिलीज हुई फिल्म दबंग 2 घर पर अपनी पत्नी गौरी के साथ देखी। अब ये धुंआ उठा है तो आग कहीं ना कहीं तो लगी होगी। बिना किसी बात के इतनी सारी बातें तो नहीं हो सकतीं। तो हम उम्मीद करते हैं कि इस 2013 में शाहरुख और सलमान एक साथ गाना गाएं 'तेरा होने लगा हूं...'।


Click it and Unblock the Notifications