रणबीर का बेटे के नाम का टैटू, अक्षय कुमार की गोरखा डिब्बाबंद, शाहरूख की जवान में ऐश्वर्या: Trending अफवाहें
बॉलीवुड की गपशप गली हमेशा किसी ना किसी तरह की अफवाह से गुलज़ार रहती है। कभी ये अफवाहें सच निकल जाती हैं तो कभी इनका कोई सिर पैर नहीं होता है। इस हफ्ते भी ऐसी ढेर सारी अफवाहें गपशप गली में सुर्खियां बनाती रहीं। इनमें से कई गॉसिप तो केवल आलिया भट्ट की प्रेगनेंसी के बाद के ही रहे।
राखी सावंत हमेशा की तरह गॉसिप क्वीन बनते हुए इस पर टिप्पणी करती नज़र आईं और उन्होंने कहा कि शादी के तुरंत बाद ही लोग बच्चा अनाउंस कर देते हैं। लेकिन ये गलत है। हालांकि, राखी ने आलिया का नाम नहीं लिया।

दूसरी तरफ, बॉलीवुड में हमेशा ही किसी ना किसी स्टार की फीस बढ़ाने की खबरें हमेशा चर्चा में रहती हैं। जहां पिछले हफ्ते प्रभास की फीस बढ़ाने की डिमांड खबरों में थी तो इस बार शाहिद कपूर फीस को लेकर चर्चा में रहे। इससे पहले, कार्तक आर्यन के फीस बढ़ाने की खबर आई थी जिसका खंडन कार्तिक ने बिना वक्त गंवाए कर दिया था। फटाफट पढ़िए इस हफ्ते की तगड़ी अफवाहें। हालांकि, इनमें से कितनी सच हैं और कितनी झूठ, इसकी पुष्टि तो कोई नहीं कर सकता।

शाहिद कपूर ने बढ़ाई फीस
रिपोर्ट्स थीं कि कबीर सिंह की सफलता के बाद शाहिद कपूर ने अपनी फीस बढ़ा दी थी और अब दैनिक भास्कर की एक रिपोर्ट की मानें तो शाहिद कपूर ने जर्सी के फ्लॉप होने के बावजूद अपनी फीस बढ़ा दी है। जर्सी के लिए शाहिद कपूर ने 31 करोड़ फीस ली थी। अब रिपोर्ट्स की मानें तो शाहिद कपूर ने अपने अगले प्रोजेक्ट के लिए 38 करोड़ की फीस मांगी जिसे सुनकर प्रोड्यूसर हैरान रह गए। ये फीस शाहिद कपूर ने एक बड़े प्रोडक्शन हाउस के आने वाले बड़े प्रोजेक्ट के लिए मांगी थी। अब शाहिद को ये फीस और ये प्रोजेक्ट मिल पाए या नहीं इसकी फिलहाल पुष्टि नहीं की जा सकती है।

गोरखा हुई डिब्बाबंद
सम्राट पृथ्वीराज के फ्लॉप होने के बाद अक्षय कुमार अपनी अगली फिल्म कैपसूल गिल शुरू करने जा रहे हैं। इस फिल्म की शूटिंग की अपडेट के साथ ही ये तय हो चुका है कि अक्षय कुमार की अगली आनंद एल राय फिल्म गोरखा अब अनिश्चित समय के लिए पोस्टपोन हो चुकी है। हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स की मानें तो अब ये फिल्म डिब्बाबंद हो चुकी है। गोरखा की कहानी भारतीय सेना की गोरखा रेजिमेंट के मेजर जनरल इयान कॅार्डोजो के जीवन पर आधारित है। अक्षय का पहला लुक बतौर जनरल फैंस के बीच वायरल हुआ है। फिल्म से अक्षय कुमार का पहला लुक भी बाहर आ चुका था।

आलिया भट्ट को चाहिए दो बेटे
आलिया ने एक पोस्ट में अपनी और रणबीर कपूर की अस्पताल से एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा - हमारा बच्चा जल्दी आ रहा है। इसके बाद अपनी बेस्ट फ्रेंड आकांक्षा रंजन कपूर के साथ आलिया भट्ट का एक वीडियो वायरल होने लगा जहां वो बता रही हैं कि उन्हें दो बेटे चाहिए। गौरतलब है कि आलिया भट्ट और रणबीर कपूर ने 14 अप्रैल को अपने घर वास्तु की बालकनी में सात फेरे लिए। इस समारोह में केवल दोनों के परिवार और कुछ बेहद खास दोस्त शामिल हुए थे। शादी के बाद दोनों मीडिया के लिए तस्वीरें खिंचवाने बाहर ज़रूर आए थे।

रणबीर कपूर करवाएंगे टैटू
आलिया के प्रेगनेंसी अनाउंसमेंट के बाद रणबीर कपूर का भी एक इंटरव्यू वायरल हो रहा है। एक इंटरव्यू में बात करते हुए रणबीर कपूर ने बताया था कि अगर वो कभी टैटू बनवाते हैं तो वो या तो उनका लकी नंबर 8 होगा या फिर हो सकता है कि वो अपने बच्चे के नाम का टैटू करवा लें। बस ये बात फैन्स को अब तक याद है और वो इस बात पर यकीन कर चुके हैं कि रणबीर का ये टैटू जल्दी ही दिख सकता है।

ऐश्वर्या राय बच्चन को ऑफर हुई थी जवान
गौरतलब है कि जवान में शाहरूख खान डबल रोल में हैं। पिता भी और बेटे भी। रिपोर्ट की मानें तो फिल्म में ऐश्वर्या राय बच्चन को पिता शाहरूख खान की पत्नी के किरदार के लिए ऐश्वर्या राय को अप्रोच किया गया जबकि बेटे शाहरूख खान के किरदार के साथ नयनतारा रोमांस करेंगी। इस रिपोर्ट की मानें तो ऐश्वर्या राय बच्च्न और शाहरूख खान के ज़्यादातर सीन फ्लैशबैक में थे। ये रोल काफी छोटा था और ऐश्वर्या राय बच्चन शाहरूख खान के साथ इतना छोटा रोल नहीं करना चाहती थीं। वो चाहती हैं कि शाहरूख खान के साथ वो कोई बड़ा प्रोजेक्ट करें जहां वो शाहरूख खान के अपोज़िट एक मज़बूत किरदार में दिखाई दें।


Click it and Unblock the Notifications