रोहित शेट्टी कर सकते हैं बड़ा धमाका - रणवीर सिंह और अजय देवगन के साथ गोलमाल 5 का सर्कस, जानिए डीटेल्स
रोहित शेट्टी ने हाल ही में सिंघम 3 के बारे में अपडेट देकर अपने फैन्स को खुश कर दिया था लेकिन अब वो अपने फैन्स के लिए उससे भी बड़ी खुशी लेकर आए हैं। रोहित शेट्टी की अगली फिल्म है रणवीर सिंह स्टारर सर्कस और रणवीर सिंह पहले ही एक इंटरव्यू में कह चुके हैं कि ये फिल्म उनकी अपनी गोलमाल है। क्योंकि उन्हें गोलमाल सीरीज़ बहुत पसंद है।
वहीं रोहित शेट्टी की गोलमाल सीरीज़ के पांचवे पार्ट की भी चर्चा काफी समय से है। अब रोहित शेट्टी से जब गोलमाल और सर्कस के बारे में पूछा गया तो उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि क्या पता आगे चलकर इनका भी एक क्रॉसओवर हो जाए क्योंकि दोनों ही फिल्मों की मुख्य स्टार कास्ट को छोड़ दिया जाए तो सपोर्टिंग स्टारकास्ट लगभग एक ही है।

गौरतलब है कि रोहित शेट्टी की सर्कस में लगभग 22 सपोर्टिंग स्टार्स हैं। ये सब सितारे कभी ना कभी उनकी गोलमाल सीरीज़ का भी हिस्सा रहे हैं। वहीं रोहित का भी कहना है कि सर्कस उन्हीं दर्शकों को पसंद आएगी जिनके लिए रोहित ने पहले ऑल द बेस्ट और गोलमाल जैसी फिल्में बनाई हैं।
तो अगर आगे चलकर इनका क्रॉसओवर दर्शकों को देखने मिल जाए तो हैरानी की बात नहीं होगी। बस जब से रोहित शेट्टी ने ये हिंट दिया है, दर्शक इस क्रॉसओवर के सपने भी देखने लगे हैं। जानिए गोलमाल सीरीज़ से जुड़े कुछ दिलचस्प आंकड़े।

650 करोड़ की कॉमेडी सीरीज़
गोलमाल की सफलता के बाद रोहित शेट्टी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और वो इस सीरीज़ को आगे बढ़ाते गए। 2008 में गोलमाल रिटर्न्स, 2010 में गोलमाल 3 और फिर 2017 में गोलमाल अगेन। रोहित शेट्टी गोलमाल 5 बनाने की तैयारी में भी जुटे हुए हैं। गोलमाल सीरीज़ की चारों फिल्मों ने मिलकर बॉक्स ऑफिस पर 390 करोड़ की कमाई की है। वहीं इन चारों फिल्मों ने मिलकर वर्ल्डवाइड 650 करोड़ की कमाई की है। ऐसे में माना जा रहा है कि गोलमाल 5 के साथ रोहित शेट्टी वर्ल्डवाईड 900 करोड़ का आंकड़ा छू सकते हैं।

गोलमाल की शानदार शुरूआत
रोहित शेट्टी और अजय देवगन की इस मज़ेदार सीरीज़ की शुरूआत 15 साल पहले हुई थी। गोलमाल का बजट था 13 करोड़ रूपये। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई थी। फिल्म ने 2.3 करोड़ की ओपनिंग की थी जिसके बाद ये आंकड़ा वीकेंड पर 7 करोड़ और पहले हफ्ते में 13 करोड़ पहुंचा था। गोलमाल का लाईफटाइम कलेक्शन था 27 करोड़ रूपये और इसने वर्ल्डवाइड करीब 70 करोड़ की कमाई की थी।

बेबो की एंट्री
गोलमाल रिटर्न्स का बजट था 24 करोड़ रूपये। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ज़्यादा असर नहीं छोड़ पाई थी और इस सीरीज़ की सबसे कमज़ोर फिल्म थी। फिल्म ने 6 करोड़ की ओपनिंग की थी जिसके बाद ये आंकड़ा वीकेंड पर 17.5 करोड़ और पहले हफ्ते में 33 करोड़ पहुंचा था। गोलमाल का लाईफटाइम कलेक्शन था 51 करोड़ रूपये और इसने वर्ल्डवाइड करीब 108 करोड़ की कमाई की थी।

क्लासिक हिंदी फिल्मों का रीमेक
गोलमाल 3 हिंदी फिल्म खट्टा मीठा से प्रेरित थी। गोलमाल 3 का बजट था 40 करोड़ रूपये। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था। फिल्म ने 8 करोड़ की ओपनिंग की थी जिसके बाद ये आंकड़ा वीकेंड पर 33.5 करोड़ और पहले हफ्ते में 62 करोड़ पहुंचा था। गोलमाल का लाईफटाइम कलेक्शन था 106 करोड़ रूपये और इसने वर्ल्डवाइड करीब 160 करोड़ की कमाई की थी।

तान्हाजी से पहले अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी फिल्म
गोलमाल अगेन का बजट था 100 करोड़ रूपये। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धुंआधार कमाई करते हुए दीवाली का मज़ा दे दिया था। फिल्म ने 30 करोड़ की ओपनिंग की थी जिसके बाद ये आंकड़ा वीकेंड पर 87.5 करोड़ और पहले हफ्ते में 137 करोड़ पहुंचा था। गोलमाल का लाईफटाइम कलेक्शन था 205 करोड़ रूपये और इसने वर्ल्डवाइड करीब 310 करोड़ की कमाई की थी। तान्हाजी से पहले तक गोलमाल अगेन के साथ रोहित शेट्टी ने अजय देवगन को उनके करियर की सबसे बड़ी फिल्म तोहफे में दी।

रोहित शेट्टी का सफल करियर
15 सालों के करियर में रोहित शेट्टी को अपने दर्शकों की पूरी समझ हो चुकी है। यही कारण है कि वो अपने करियर में कुल 1500 करोड़ की बॉक्स ऑफिस कमाई कर चुके हैं। रोहित का कहना है कि अब गोलमाल केवल उनकी फिल्म है। उनकी डिमांड है और मैं बस उस प्रोडक्ट की डिलीवरी देने का काम करता हूं। इसीलिए मुझे गोलमाल बनानी ही है। रोहित शेट्टी ने इससे पहले एक इंटरव्यू में बताया, "मेरे लिए गोलमाल का आईडिया साफ है - दर्शकों को खुश करना।"

सर्कस के साथ करेंगे वापसी
रोहित शेट्टी अब सर्कस के साथ वापसी करने जा रहे हैं। फिल्म में रणवीर सिंह और वरूण शर्मा डबल रोल में दिखाई देंगे और दोनों दोस्तों के जोड़े रहेंगे। ये फिल्म गुलज़ार की क्लासिक फिल्म अंगूर का रीमेक है जो कि शेक्सपियर के नाटक कॉमेडी ऑफ एरर्स का रूपांतरण थी। सर्कस, क्रिसमस 2023 पर सिनेमाघरों में रिलीज़ हो रही है।


Click it and Unblock the Notifications