रणबीर कपूर ने दिया गंगूबाई काठियावाड़ी का First Review, कहा - आलिया भट्ट का नेशनल अवार्ड पक्का
आलिया भट्ट की फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी 6 जनवरी 2022 को रिलीज़ हो रही है लेकिन इस फिल्म का पहला रिव्यू अभी से आ चुका है और ये रिव्यू देने वाले कोई और नहीं बल्कि आलिया भट्ट के बॉयफ्रेंड रणबीर कपूर हैं। रणबीर कपूर यूं तो कभी भी किसी भी फिल्ममेकर से आलिया के बारे में बात करते नहीं दिखते हैं।
लेकिन सूत्रों की मानें तो हाल फिलहाल में रणबीर कपूर कई बार आलिया भट्ट और उनकी आने वाली फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी के बारे में बात करते दिखाई दे जाते हैं और आलिया के काम की तारीफ करते नहीं थकते हैं। रणबीर ने यहां तक कहा कि भंसाली को पता है कि कौन किस क्षमता तक अपनी कला में निखार ला सकता है और उन्होंने आलिया को पूरी तरह तराश दिया है।

इतना ही नहीं, बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट की मानें तो रणबीर कपूर ये भी दावा कर चुके हैं कि अगले साल का नेशनल अवार्ड तो आलिया भट्ट ही ले जाएंगी। गंगूबाई काठियावाड़ी के लिए उन्हें नेशनल अवार्ड लेने से कोई नहीं रोक सकता है। दिलचस्प है कि आलिया के टैलेंट को तब से जानते हैं जब से आलिया ने रणबीर के साथ केवल 11 साल की उम्र में भंसाली के लिए बालिका वधू नाम की एक फिल्म का टेस्ट शूट किया था। उस समय रणबीर, 20 साल के थे।

आलिया भट्ट को यूं मिली फिल्म
दरअसल, इस फिल्म को लेकर आलिया को काफी इंतज़ार करना पड़ा। पहले उन्होंने संजय लीला भंसाली की इंशाल्लाह साईन की लेकिन सलमान ने ये फिल्म रिजेक्ट की। इस चक्कर में आलिया ने आमिर खान के साथ लाल सिंह चड्ढा भी रिजेक्ट कर दी थी। भंसाली के पास आलिया की एकमुश्त डेट्स थीं जिसे वो जाने नहीं देना चाहते थे और यही कारण था कि उन्होंने आलिया के साथ गंगूबाई काठियावाड़ी बनाने का फैसला ले लिया।

ब्लैक में कास्ट होने वाली थीं आलिया भट्ट
आलिया भट्ट के लिए संजय लीला भंसाली के साथ काम करना किसी सपने से कम नहीं है। आलिया पहले भी दो बार भंसाली की फिल्मों के लिए ऑडीशन दे चुकी हैं लेकिन भंसाली ने आलिया को कास्ट नहीं किया। आलिया भट्ट ने संजय लीला भंसाली की ब्लैक के लिए रानी मुखर्जी के बचपन के रोल का ऑडीशन दिया था। लेकिन भंसाली को आलिया का ऑडीशन इतना पसंद आया कि वो आलिया का डेब्यू इतने छोटे से किरदार से होते नहीं देखना चाहते थे।

अब भंसाली पेश करेंगे डार्क किरदार
अब संजय लीला भंसाली, पहली बार आलिया भट्ट को एक डार्क किरदार में पेश करेंगे। फिल्म 60 के दशक की माफिया क्वीन पर आधारित है जो कमाटीपुरा में कोठा चलाती है लेकिन वहां की लड़कियों के लिए भगवान थी। फिल्म हुसैन ज़ैदी की किताब माफिया क्वीन्स ऑफ मुंबई पर बनी है।

कोठों की असली कहानी
फिल्म कोठों की ज़िंदगी की असली कहानी है। ऐसे में फिल्म में संजय लीला भंसाली सेट और खूबसूरत के स्तर पर क्या करेंगे ये देखने वाला होगा। क्योंकि संजय की फिल्में अपने सेट डिज़ाइन और आर्ट डायरेक्शन के लिए जानी जाती हैं। फिल्म में अजय देवगन भी एक खास भूमिका में दिखाई देंगे। वो करीम लाला की भूमिका में होंगे जो गंगूबाई को अपनी बहन मानता था।

आलिया भट्ट को देनी है अग्निपरीक्षा
संजय लीला भंसाली की गंगूबाई कोठेवाली से आलिया भट्ट को अग्निपरीक्षा देनी है। इस फिल्म में प्रियंका चोपड़ा लगभग फाईनल थीं लेकिन संजय ने ये फिल्म आलिया को दे दी। कारण थी सलमान की फिल्म इंशाल्लाह जो डिब्बाबंद हो गई। इसलिए अब आलिया की तुलना सीधा प्रियंका चोपड़ा से होना तय है।

अपनी ही फिल्म से होगा क्लैश
दिलचस्प है कि आलिया भट्ट की गंगूबाई काठियावाड़ी 6 जनवरी 2022 को रिलीज़ हो रही है और इस फिल्म को सीधी टक्कर लेनी होगी एसएस राजामौली की RRR के साथ। दोनों ही फिल्मों में आलिया भट्ट हैं। वहीं दोनों ही फिल्मों में अजय देवगन भी हैं। बॉलीवुड ने ऐसा अनूठा क्लैश कभी नहीं देखा होगा।


Click it and Unblock the Notifications