राखी सावंत का नया पब्लिसिटी स्टंट
बचपन में एक बर्फ के लिए नाचने वाली राखी को पब्लिसिटी का भूखा कहें तो शायद गलत नहीं होगा. मज़े की बात यह है कि पब्लिसिटी पाने के सारे हथकंडे राखी जानती है और उन्हें आज़माने से वह कभी नहीं चूकती. चाहे वह मिका के साथ हुआ 'चुंबन प्रकरण" हो, उनके कपडों को लेकर उठा विवाद हो या फिर प्लास्टिक सर्जरी के ज़रिए किया हुआ उनका अंग प्रत्यारोपण हो.
'बिग बॉस" से भी राखी ने काफी वाह-वाही बटोरी. इसका एक मात्र सबूत है करन जौहर के 'कॉफी विथ करन" में राखी का आगमन, जहां बॉलीवुड के टॉप लिस्टेड सेलिब्रिटी ही आते हैं. इसके ज़रिए राखी ने श्रेष्ठ फिल्मकार संजय लीला भंसाली के दिल में भी अपनी खास जगह बनाई. खैर मगर हम बात कर रहे हैं लेटेस्ट पब्लिसिटी स्टंट की, जिसमें राखी ने रो रोकर न सिर्फ लोगों को भावुक करने की नाकाम कोशिश की बल्कि चैनल वालों को भी जी भरकर कोसा. जी हां, आप समझ गए होंगे कि हम किसकी बात कर रहे हैं.
पिछले दिनों स्टार प्लस के 'नच बलिए 3" मे राखी सावंत तथा अभिषेक अवस्थी (फ्रेंड कम बॉयफ्रेंड कम बॉडी गार्ड कम फ्यूचर हस्बैंड) को पछाडते हुए संजीदा शेख तथा आमिर अली की जोडी ने बाज़ी मारते हुए न सिर्फ बेस्ट डांसर का खिताब जीता बल्कि बतौर ईनाम बीस लाख रूपए और एक खूबसूरत कार भी जीता. इस बात से आहत राखी के नखरों से हर वह दर्शक वाकिफ होंगे जिन्होंने यह शो देखा. यह सिलसिला यहीं नहीं थमा। पहला और दूसरा ईनाम देने के लिए बतौर सेलिब्रिटी गेस्ट पधारे सलमान खान का भी राखी ने, उनके हाथों से ईनाम न लेकर अपमान कर दिया.
अंत तक आंसू बहाती तथा बाहर घूमती राखी ने आखिरकार अपने दिल की भडास निकालते हुए न सिर्फ चैनल बल्कि आमिर तथा संजीदा पर भी अपना गुस्सा उतारा। चैनल वालों के खिलाफ बोलते हुए राखी ने कहा कि इस शो का नाम 'नच बलिए" की बजाय स्टार बलिए होना चाहिए था क्योंकि इसमें स्टार टीवी के सितारों को अधिक महत्व दिया जा रहा था.
आमिर अली के बारे में उनका कहना है कि अगर वह सात जनम लें फिर भी अभिषेक की तरह नाच नहीं सकते. साथ ही संजीदा के जीतने की असली वजह राखी के अनुसार उनका टेलीविजन पर बहू होना है. उनके अनुसार यदि वह भी बहू होती तो उन्हें भी अधिक वोट मिलते. यानी कि पब्लिसिटी स्टंट में माहिर राखी आपको टेलीविजन पर किसी धारावाहिक में बहू के रूप में नज़र आए तो आश्चर्य मत कीजिएगा. हां, आप इस बात पर आश्चर्य करने के लिए स्वतंत्र होंगे कि आखिर राखी को बहू के रूप में लिया किसने ?


Click it and Unblock the Notifications