घर बसाना चाहते हैं राहुल महाजन
हमेशा विवादों से घिरे रहने वाले राहुल महाजन को जीवनसाथी की तलाश है। बच्चों से प्यार करने वाले राहुल अब टेलीविजन के जरिए अपने लिए दुल्हन तलाश रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिवंगत नेता प्रमोद महाजन के बेटे राहुल एनडीटीवी इमेजिन के रियलिटी शो 'राहुल दुल्हन ले जाएंगे' में 16 प्रतिभागी लड़कियों में से 'संपूर्ण जीवनसाथी' का चयन करेंगे।
इससे पहले वह 'छोटे मियां' और 'बिग बॉस' जैसे कार्यक्रमों में नजर आ चुके हैं। राहुल की अपनी बचपन की मित्र श्वेता से शादी हो चुकी थी लेकिन बाद में दोनों अलग हो गए थे।
एक साक्षात्कार के दौरान राहुल ने कहा, "मैंने कुछ समय पहले बच्चों के एक कार्यक्रम में काम किया था, जहां उनके माता-पिता मुझसे उम्र में दो-तीन साल ही बड़े थे। बाद में मैंने महसूस किया कि मुझे भी शादी की आवश्यकता है। मैं चाहता हूं कि मेरे घर में भी एक नया बच्चा हो। मैं वास्तव में घर बसाना चाहता हूं।"
राहुल ने कहा, "मेरे पिता हमेशा चाहते थे कि मेरी एक सफल शादी हो और वह पोता या पोती भी चाहते थे। जब वह जीवित थे तब मैं उनकी यह ख्वाहिश पूरी नहीं कर सका, लेकिन मुझे उम्मीद है कि अब मैं ऐसा कर सकूंगा।"
राहुल के अतीत पर ध्यान दें तो उन पर अपनी पूर्व पत्नी के साथ मार-पीट, नशीली दवाओं के दुरुपयोग का मामला, अभिनेत्री पायल रोहतगी से प्रेम-प्रसंग का आरोप और बिग बॉस की सह-भागीदार मोनिका बेदी से फल्र्ट के आरोप लगते रहे हैं। ऐसे में कोई लड़की उनसे विवाह क्यों करना चाहेगी!
राजनीति के विषय में राहुल ने कहा, "अगला लोकसभा चुनाव 2014 में होगा। मैं अभी राजनीति में नहीं जाना चाहता। मैं पहले अपने जीवन में आर्थिक व व्यक्तिगत स्तर पर स्थिरता चाहता हूं। जब एक बार स्थिरता आ जाएगी तो मैं राष्ट्र के लिए राजनीति में आ सकता हूं।"
34 वर्षीय राहुल महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में खड़ी हुई अपनी बहन पूनम के लिए प्रचार करेंगे। वह कहते हैं कि उनकी निष्ठा हमेशा भाजपा के साथ रहेगी।


Click it and Unblock the Notifications