इश्किया में हट कर दिखेंगी विद्या
फिल्म 'पा" में अमिताभ की माँ बन कर फिल्म समीक्षकों की प्रशंसा बटोर रही अभिनेत्री विद्या बालन अपने करियर में काफी रिस्की रोल कर रही हैं। लेकिन चैलेंजिंग भूमिकाओं को पसंद करने वाली अभिनेत्री विद्या अपनी अगली फिल्म में फिर एक बार हट कर दिखेंगी। उनका कहना है कि 'इश्किया" में उनका रोल दर्शकों को आश्चर्यचकित कर देगा।
विशाल भारद्वाज की फिल्म 'इश्किया" में विद्या का रोल निगेटिव है। वह एक ऐसी महिला की भूमिका में हैं जो काफी कामुक किस्म की चालबाज औरत है।
विद्या इस रोल के बारे में बताते हुए कहती हैं कि "यह स्त्री काफी आक्रामक है। वह एक ऐसी महिला है जिसे अपनी पसंद पर खेद नहीं होता। उसे निडर कह सकते हैं। भारतीय संदर्भ में उसे रंभा, दुर्गा या काली कह सकते हैं।" यह अभिषेक चौबे के निर्देशन में बनी पहली फिल्म है। फिल्म में विद्या बालान के अलावा अरशद वारसी और नसीरुद्दीन शाह निर्णायक भूमिकाओं में दिखेंगे।
इश्किया के इस किरदार में उन्हे देखने का इंतजार सबको है। लेकिन अगर विद्या इसी गति से अपने रोल के बारे में बताती रहीं और अपने अभिनय के बारे में जताती रहीं तो फिल्म में कोई क्या देखने जाएगा। ये बात शायद विद्या को समझ में नहीं आ रही।


Click it and Unblock the Notifications