'आमिर' पर मुझे गर्व है: राजीव खंडेलवाल

'आमिर' में मुख्य भूमिका निभाने वाले राजीव ने बातचीत में कहा, "फिल्म की कहानी और पटकथा दोनों ही अद्भुत है। मेरा मानना है कि किसी भी फिल्म की सफलता उसकी पटकथा पर निर्भर करती है। ऐसे कई उदाहरण हैं, जब नामी-गिरामी कलाकारों अच्छे संगीत और महान निर्देशकों के बावजूद फिल्में चल नहीं पाईं।"
राजीव ने कहा कि उन्हें 'आमिर' पर गर्व है। उन्होंने कहा, "यदि यह फिल्म फ्लॉप भी हो जाए और आप मुझे पांच साल बाद भी इस फिल्म के बारे में पूछेंगे, तो मैं यही कहूंगा कि मुझे इस फिल्म पर गर्व है।"
जहां राजीव की यह पहली फिल्म है, वहीं निर्देशक राजकुमार गुप्ता, संगीत निर्देशक अमित त्रिवेदी और सिनेमैटोग्राफर अल्फोंसे रॉय ने भी 'आमिर' के जरिए बॉलीवुड में कदम रखा है।राजीव ने कहा कि अब वह चाहेंगे कि हर बार नए कलाकारों के साथ काम किया जाए।
गौरतलब है कि राजीव इस फिल्म में एक मध्यमवर्गीय मुस्लिम युवक के किरदार में हैं। फिल्म समीक्षकों को भी यह फिल्म पसंद आ रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications