राहुल की हॉलीवुड में वाह भाई वाह

संतोष सिवन की फिल्म 'बिफोर द रेंस" में राहुल के किरदार 'टी के" के लिए न्यू यॉर्क टाइम्स के फिल्म समीक्षक स्टीफन होल्डन ने ढेर सारी तारीफों के साथ राहुल को उनकी फिल्म के लिए काफी बधाइयां दी हैं। फिल्म के जानकरों के लिए यह कोई नई बात नहीं होगी कि हॉलीवुड तथा बॉलीवुड में न्यू यॉर्क टाइम्स द्वारा की गई समीक्षा काफी मायने रखती है। न्यू यॉर्क टाइम्स के अलावा वेनिस मैगज़िन की तरफ से भी राहुल के अभिनय को नए मानदंड मिले हैं। फिल्म समीक्षकों के साथ फिल्म के निर्देशक संतोष सिवन भी अपने इस कलाकार की भूरी भूरी प्रशंसा करना नहीं भूल रहे। हालांकि दोनों की यह एक दुसरे के साथ पहली फिल्म है।
अपने और संतोष के समीकरण के बारे में राहुल का कहना है,“संतोष साऊथ के हैं और मैं मुंबई का। हम दोनों को साथ काम करने का कभी मौका नहीं मिला मगर जिस तरह का उन्होंने मुझे किरदार दिया है उसे देखते हुए मैं यही कहना चाहूंगा कि यह मेरे अभिनय शैली में आया ज़बर्दस्त उछाल है जिसका पूरा श्रेय संतोष को जाता है।"
'बिफोर द रेंस' में राहुल ने दक्षिण भारत के एक ऐसे शख्स की भूमिका निभाई है जिसमें ग्रामीण परिवेश के साथ साथ आधुनिकता का पुट भी है। इसे राहुल के शब्दों में कॉम्प्लेक्स किरदार भी कह सकते हैं जिसे निभाने में उन्हें बहुत मज़ा आया।
मज़े की बात यह है कि जिस किरदार के लिए राहुल बॉलीवुड समेत हॉलीवुड के आंखों का तारा बन बैठे हैं वह किरदार निभाने से पहले उन्होंने इंकार कर दिया था क्योंकि इस किरदार के लिए उन्हें ऑडिशन देने के लिए कहा गया था जिसके लिए राहुल हरगिज़ तैयार नहीं थे। मगर यह उनके मैनेजर का नज़रिया था कि 'टी के" को सिर्फ और सिर्फ राहुल बोस ही निभा सकते हैं।
यानी कि अगर यह कहा जाए तो गलत नहीं होगा कि राहुल के मैनेजर ने राहुल को काफी अच्छी तरह से मैनेज किया है। अब इसके बाद सारे कलाकार राहुल की तरह मैनेजर की मांग करने लगे तो उनकी मांग बिल्कुल जायज़ होगी।


Click it and Unblock the Notifications