हंसिका का खाक हुआ आशियाना
हंसिका मोटवानी अब उस रात को कभी नहीं भुला पायेगी जब वह गहरी नींद में सोई थी और अचानक उसके घर में आग लग गई. जब उसकी नींद खुली तो उसने अपने घर को धू धू करते जलते देखा. वह जान बचाकर घर से बाहर भागी. बाहर कई लोग जमा थे. पता चला कि उसके बंगले के पीछे के झोपडपट्टी के एक घर में गैस सिलेंडर के फटने से भयंकर आग लग गई है. जिसकी आंच से हंसिका के बंगले में भी आग लग गई. इस आग पर फायर ब्रिगेड ने बडी मुश्किल से काबू पाया.
ज्ञात हो कि हंसिका अंधेरी में सात बंगला के पास म्हाडा के एक बंगले में रहती है जिसके पीछे गरीब मजदूरों की झोपडपट्टी है. हंसिका ने बताया कि वह गहरी नींद में सोई हुई थी और उसके घर के नौकर ने जब उसे उठाया तो उसने देखा कि उसके घर का एयरकंडिशन जल रहा है और तभी एक शीशा भी तडकने लगा. इससे वह बुरी तरह डर गई और भागकर नीचे पहुंची तो देखा बहुत से लोग उसके घर से गैस सिलेंडर को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे थे.
इस आगजनी में हंसिका के बंगले को काफी नुकसान हुआ है. हंसिका के कमरे की दीवारे, खिडकियां और चार एयरकंडिशनर्स भी इस आग से खराब हो गये. लेकिन अच्छी बात यह है कि हंसिका को कोई नुकसान नहीं हो पाया. पैसा कमाने को तो सारी उम्र ही पडी है. जान है तो जहान है.


Click it and Unblock the Notifications