अजय देवगन हुए 39 के

मंगलवार को जी-टीवी के रियल्टी शो 'रॉक एन रोल' के सेट पर अजय ने अपनी पत्नी अभिनेत्री काजोल और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ जन्मदिन का केक काटा।
सोलह वर्षो से फिल्म उद्योग में सफलता के अनेक कीर्तिमान स्थापित कर चुके अजय देवगन के लिए यूं भी यह वर्ष विशेष रहेगा।
इस वर्ष उनके द्वारा निर्देशित पहली फिल्म 'यू, मी और हम' रिलीज होने वाली है। अजय के अनुसार इस फिल्म की कहानी उनकी अपनी है जिस पर वह लंबे समय से फिल्म बनाना चाहते थे।
अजय ने बताया, "इस कहानी का आइडिया लंबे समय से मेरे दिमाग में था और फिर मैंने इसे लिखना शुरू किया। कुछ समय बाद इस पर पटकथा लिखी और मुझे महसूस होने लगा था कि यदि मैंने इसे निर्देशित नहीं किया तो फिल्म उस तरीके से नहीं बन सकेगी जैसी कि मैं चाहता हूं।"
अजय इससे पहले भी 'हिंदुस्तान की कसम' और 'राजू चाचा' जैसी फिल्में बतौर निर्माता बना चुके हैं, हालांकि दोनों फिल्में असफल रही थीं।
एक एक्शन स्टार के तौर पर अपने करियर की शुरुआत करने वाले अजय 'जख्म' और 'दि लीजेंड ऑफ भगत सिंह' जैसी फिल्मों के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार भी जीत चुके हैं। जिसके बाद उनकी छवि एक गंभीर अभिनेता के तौर पर बनी है।
'यू, मी और हम' के अतिरिक्त अजय एक एनीमेशन फिल्म 'टूनपुर का सुपरस्टार' भी बना रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications