बेनेगल को भायी मिनिषा की अदाकारी

श्याम बेनेगल मिनिषा को 'असाधारण रूप से अच्छी' अभिनेत्री मानते हैं। बेनेगल कहते हैं कि मिनिषा को बॉलीवुड में उतनी ख्याति नहीं मिली जितनी की वह हकदार हैं।
बेनेगल ने कहा, "मेरी फिल्म 'वेल डन अब्बा' में मिनिशा का अभिनय उनके अब तक के काम से अलग है। मुझे उम्मीद है कि इस फिल्म से उन्हें वह ख्याति मिलेगी जिसकी मिनिषा हकदार हैं। वह असाधारण रूप से अच्छी अभिनेत्री हैं और मुझे महसूस होता है कि फिल्म उद्योग में उन्हें उतनी प्रसिद्धि नहीं मिली है जितना अच्छा काम उन्होंने किया है।"
समीक्षकों द्वारा सराही गई फिल्म 'यहां' से बॉलीवुड में अपने फिल्मी करियर की शुरुआत करने वाली अभिनेत्री मिनिषा लांबा मुख्यधारा की कई फिल्मों जैसे 'एंथनी कौन है?', 'हनीमून ट्रेवल्स प्राइवेट लिमिटेड', 'किडनैप' और 'बचना ए हसीनों' में अभिनय कर चुकी हैं।
बेनेगल कहते हैं, "फिल्म 'वेल डन अब्बा' एक राजनीतिक व्यंग्य है। यह एक हल्की फुल्की फिल्म है, जो मुंबई में ड्राइवर का काम कर रहे अरमान अली की कहानी है। वह हैदराबाद के पड़ोस के एक शहर में रहने वाली अपनी किशोर बेटी के लिए दूल्हा ढूंढने के लिए एक महीने की छुट्टी लेता है। लेकिन तीन महीने बाद काम पर लौटता है। उसका युवा मालिक उसे नौकरी से निकालना चाहता है लेकिन बाद में वह उसको हुई देरी का कारण सुनने को तैयार हो जाता है।"
फिल्म का नाम पहले 'अब्बा का कौन' था। लेकिन बाद में इसे बदल कर 'वेल डन अब्बा' कर दिया गया। फिल्म में मुख्य किरदार के अभिनय में बोमन इरानी हैं। अन्य कलाकारों में इला अरुण, सोनाली कुलकर्णी, रजत कपूर और यशपाल शर्मा शामिल हैं।


Click it and Unblock the Notifications