कैटरीना कैफ - विकी कौशल की शादी की खबर सलमान खान के स्टाईलिस्ट ने गलती से कर दी लीक
कैटरीना कैफ और विकी कौशल की शादी की अटकलें काफी समय से लग रही हैं और अब सलमान खान के स्टाईलिस्ट एशली रिबेलो ने इन खबरों पर मुहर लगा दी है। दरअसल, एशली एक इंस्टाग्राम स्टोरी के ज़रिए कैटरीना कैफ को जन्मदिन की बधाई दे रहे थे। लेकिन बधाई के लिए उन्होंने कैटरीना की जो तस्वीर चुनी वो अलग थी।
एशली ने दुलहन के अवतार में कैटरीना की एक तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा - उम्मीद करता हूं कि ये सपना जल्दी ही सच हो जाए। कैटरीना की ये तस्वीर, उनकी फिल्म भारत से है जहां वो व्हाईट गाउन में नज़र आ रही हैं।

विकी कौशल और कैटरीना कैफ, काफी समय से एक दूसरे को डेट कर रहे हैं और हाल ही में एक्टर हर्षवर्धन कपूर ने उनके रिलेशनशिप की पुष्टि कर दी थी। इसके बाद अटकलें थीं कि कैटरीना कैफ और विकी कौशल अपने रिलेशनशिप को जल्दी ही ऑफिशियल कर देंगे। वहीं कैटरीना कैफ भी शादी करने को लेकर सीरियस हो रही हैं।
गपशप गली में खबर ये भी थी कि विकी कौशल के पिता शाम कौशल इस रिश्ते से ज़्यादा खुश नहीं हैं क्योंकि वो चाहते हैं कि विकी अपने करियर पर फोकस करें। लेकिन कैटरीना कैफ और विकी कौशल अपने रिश्ते को आखिरी मुकाम पर पहुंचाने को तैयार हैं। अब रियल लाईफ में कैटरीना कैफ कब दुलहन बनती हैं पता नहीं लेकिन रील लाईफ में कैटरीना कैफ कई बार दुलहन के अवतार में फैन्स का दिल जीत चुकी हैं।

मैंने प्यार क्यों किया से शुरूआत
कैटरीना कैफ के दुलहन बनने की शुरूआत हुई थी डेविड धवन की फिल्म मैंने प्यार क्यों किया के साथ। इस फिल्म में कैटरीना कैफ सलमान खान के साथ क्रिश्चियन वेडिंग करने चर्च तक तो जाती हैं लेकिन आखिरी मिनट पर सलमान खान को छोड़ देती हैं। फिल्म में कैटरीना कैफ बेहद खूबसूरत लगी थीं। ये फिल्म कैटरीना कैफ का Breakthrough थी।

नमस्ते लंदन में भी दो बार शादी
अक्षय कुमार के साथ फिल्म नमस्ते लंदन में भी कैटरीना कैफ दुलहन बनी नज़र आईं। दिलचस्प ये है कि इस फिल्म में कैटरीना कैफ दो बार दुलहन बने नज़र आईं। एक बार देसी और एक बार क्रिश्चियन। फिल्म में कैटरीना कैफ के परफॉर्मेंस को काफी सराहा गया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ज़बरदस्त हिट थी।

पंजाबी दुल्हन
नमस्ते लंदन में कैटरीना कैफ पंजाबी दुलहन बने भी नज़र आईं। अक्षय कुमार के साथ ये उनकी पहली फिल्म थी और इसके बाद दोनों की जोड़ी बॉक्स ऑफिस पर हिट हो गई। दोनों ने साथ में कई फिल्में भी कीं।

हमको दीवाना कर गए
अक्षय कुमार के साथ ही कैटरीना कैफ हमको दीवाना कर गए में भी दिखाई दीं। हालांकि इस फिल्म में वो दुलहन बनकर सजी धजी थीं अनिल कपूर के लिए। फिल्म में कैटरीना की शादी तय होने के बाद उनकी मुलाकात अक्षय कुमार से होती है जिससे वो प्यार कर बैठती हैं।

सिंह इज़ किंग
फिल्म सिंह इज़ किंग में भी कैटरीना कैफ अक्षय कुमार की दुलहन बनी नज़र आती हैं। इस फिल्म में भी कैटरीना का ये लहंगा ऐसा स्टाईल स्टेटमेंट बन गया था कि दुल्हन इसे फॉलो करने लगी थीं। फिल्म दर्शकों को काफी पसंद आई थी और कैटरीना कैफ का ये खूबसूरत अंदाज़ भी।

गुस्से में की शादी
राजनीति में कैटरीना कैफ गुस्से में अर्जुन रामपाल से शादी करती हैं। प्रकाश झा की इस फिल्म में कैटरीना कैफ ने अपने अभिनय से दिल जीता था। वहीं दुलहन के लिबास में उनका ये गुस्सैल अवतार भी दर्शकों को पसंद आया था।

टाईटन रागा का एड
इसके बाद कैटरीना कैफ टाईटन रागा के एक एड में दुलहन के अवतार में दिखाई दीं। इस दौरान, कैटरीना कैफ की रणबीर कपूर से शादी की अटकलें तेज़ी से लगाई जा रही थीं। इस फोटो को भी यही कह कर वायरल किया गया था कि कैटरीना कैफ अब शादी करने को तैयार हैं!

मेरे ब्रदर की दुलहन
मेरे ब्रदर की दुल्हन के साथ कैटरीना कैफ एकदम बिंदास दुलहन के रूप में नज़र आईं जो अपने होने वाले देवर से ही प्यार कर बैठती है और अपनी ही शादी से भागने की तैयारी कर लेती है। वैसे कैटरीना कैफ अपने करियर में अपनी शादियों से कई बार भाग चुकी हैं।

खूबसूरत लगी थी जोड़ी
मेरे ब्रदर की दुल्हन में कैटरीना कैफ की जोड़ी इमरान खान के साथ बनाई गई थी। इस फिल्म के आखिरी सीन में दोनों एक्टर्स दूल्हा दुलहन के अवतार में दिखाई दिए थे और कैटरीना का ये दुलहनिया लुक भी बेहद खूबसूरत था।

ज़िंदगी ना मिलेगी दोबारा
ज़ोया अख्तर की फिल्म ज़िंदगी ना मिलेगी दोबारा में भी कैटरीना कैफ, ऋतिक रोशेन के साथ शादी करती नज़र आई थीं। फिल्म के आखिरी गाने में दोनों एक्टर्स की शादी का जश्न मना था जहां कैटरीना सिंपल से सफेद गाउन में नज़र आई थीं।

बार बार देखो
फिल्म बार बार देखो, शादी के इर्द गिर्द ही बुनी गई फिल्म थी। फिल्म में कैटरीना कैफ के साथ रोमांस करते दिखाई दिए थे सिद्धार्थ मल्होत्रा। वहीं कैटरीना का काला चश्मा वाली दुलहन का लुक इतना वायरल हो गया कि आजकल कोई भी दुल्हन इस गाने के बिना अपनी शादी में एंट्री ही नहीं लेती है।

साउथ इंडियन दुलहन
कल्याण ज्वेलर्स के एड में कैटरीना कैफ दक्षिण भारतीय दुलहन के अवतार में दिखाई दी थीं। इस एड में कैटरीना कैफ का साथ दिया था अमिताभ बच्चन और जया बच्चन जो उनका कन्यादान करते भी दिखाई दिए थे।

बस असल इंतज़ार
कैटरीना कैफ को इतनी बार दुलहन के अवतार में देखने के बाद अब बस फैन्स को इंतज़ार है तो कैटरीना कैफ को सच में दुलहनिया बनते देखने का। अब देखते हैं कि गपशप गली की खबरों पर वाकई में मुहर लगती है या फिर विकी कौशल से उनकी शादी की खबरें केवल अफवाहें रह जाएंगी।


Click it and Unblock the Notifications
