कार्तिक आर्यन ने भूल भुलैया 2 के बाद बढ़ाई फीस 25 करोड़ से सीधा 40 करोड़, एक्टर ने कहा - प्रमोशन हुआ है
कार्तिक आर्यन, भूल भुलैया 2 के साथ सफलता का नया स्वाद चख रहे हैं। साथ ही वो लगातार अपने सोशल मीडिया के ज़रिए फैन्स को भी खुश रखे हुए हैं। अब मीडिया में कुछ रिपोर्ट्स ने दावा किया कि कार्तिक आर्यन ने भूल भुलैया 2 के 100 करोड़ से ज़्यादा की कमाई के बाद इस सफलता को अपने CV पर भी लगा दिया है।
यानि कि एक्टर ने अपनी फीस बढ़ा दी है। कार्तिक आर्यन पहले ही अपनी फीस पिछले साल बढ़ा चुके हैं। जहां वो हर फिल्म के लिए 15 - 18 करोड़ रूपये ले रहे थे, उन्होंने रोहित धवन - एकता कपूर की फिल्म शहज़ादा के लिए 25 करोड़ फीस ली है।

इसलिए जब खबर आई कि भूल भुलैया 2 के बाद कार्तिक आर्यन ने एक बार फिर से अपनी फीस 25 करोड़ से बढ़ाकर 40 करोड़ कर दी तो फैन्स चौंक गए। लेकिन अब कार्तिक ने खुद ही इस खबर पर रिएक्ट करते हुए इसे केवल अफवाह बताया है। कार्तिक ने एक न्यूज़ अपने ट्विटर पर शेयर करते हुए लिखा - प्रमोशन हुआ है, मेहनताना नहीं बढ़ाया है। खबरें अफवाह हैं।

150 करोड़ के पार लाइफटाइम कलेक्शन
कार्तिक फिल्म के बॉक्स ऑफिस से संबंधित आंकड़े शेयर करते रहते हैं। शनिवार को 100 करोड़ पार करने के बाद कार्तिक ने अपनी तस्वीर शेयर करते हुए लिखा - 100 करोड़ वाली मुस्कुराहट। वहीं रविवार को भी ज़बरदस्त कमाई के बाद कार्तिक ने अपनी एक और तस्वीर शेयर करते हुए लिखा - बॉक्स ऑफिस आज भी गरम है। माना जा रहा है कि भूल भुलैया 2 का लाइफटाइम कलेक्शन 150 करोड़ के पार जा सकता है।

100वीं 100 करोड़ी फिल्म
गौरतलब है कि भूल भुलैया 2 हिंदी सिनेमा की 100वीं 100 करोड़ी फिल्म है और इसके लिए कार्तिक आर्यन को लगातार फैन्स से बधाई मिल रही है। भूल भुलैया 2, कार्तिक आर्यन के करियर की सबसे बड़ी फिल्म बन चुकी है। इससे पहले, उनके करियर की सबसे बड़ी फिल्म सोनू के टीटू की स्वीटी थी।

कार्तिक आर्यन की अक्षय कुमार से तुलना
कार्तिक आर्यन ने एक इंटरव्यू में अक्षय से अपनी तुलना पर बात करते हुए कहा था किअक्षय कुमार जैसा कोई नहीं हो सकता है। कार्तिक जानते हैं कि भूल भुलैया 2 के साथ उनके ऊपर लोगों की उम्मीदों का बोझ है। और वो पूरी कोशिश कर रहे हैं कि पूरी ईमानदारी से इस फिल्म को सफलता की ओर ले जा पाएं। वैसे भी सीक्वल फिल्में करना आसान नहीं होता है। खासतौर से वो फिल्में जो अपने आप में बहुत बड़ा नाम बन चुकी होती हैं। लेकिन वो कोशिश करेंगे कि भूलभुलैया 2 से कोई निराश ना हो।

ढेरों प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं कार्तिक
करण जौहर की दोस्ताना 2 छोड़ने के बाद कार्तिक चुपचाप अपना काम कर रहे हैं। उनके पास फिल्मों की भरमार है और इस समय वो हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के उभरते हुए सितारे हैं। कार्तिक पिछली कुछ फिल्मों की सफलता के बाद अपनी फीस भी बढ़ा चुके हैं। हंसल मेहता के लिए वो आईएएफ ऑफिसर बनेंगे तो राम माधवानी के लिए एक बम ब्लास्ट को रोकने की कोशिश करता एक जर्नलिस्ट। उनके पास जितनी भी फिल्में हैं सबका फ्लेवर एक दूसरे से काफी जुदा है।

दीपिका से लेकर भंसाली के साथ जुड़ा नाम
9 साल के करियर में 10 फिल्में करने के बाद कार्तिक आर्यन सबके फेवरिट बन चुके हैं। एकता कपूर के शहज़ादा पर काम जल्दी ही शुरू हो जाएगा वहीं एकता कपूर की दूसरी फिल्म फ्रेडी की शूटिंग कार्तिक लगभग पूरी कर चुके हैं। संजय लीला भंसाली की हीरामंडी से कार्तिक आर्यन का नाम जुड़ा हुआ था। इसके अलावा उनका नाम कई बड़े प्रोजेक्ट्स के साथ जुड़ रहा है जिसमें दीपिका पादुकोण तक शामिल हैं। कुल मिलाकर कार्तिक आर्यन अपनी स्टारडम को बेहतरीन ढंग से संभाल रहे हैं और बस उम्मीद है कि उनकी फिल्में भी फैन्स का उतना ही मनोरंजन करेंगी।

छोटी उम्र में शुरू किया था करियर
कार्तिक आर्यन ने कम उम्र में बॉलीवुड में बुलंदी पाई है। ऐसा बहुत ही कम लोगों के साथ हो पाता है। खासतौर से वो लोग जो बॉलीवुड से बाहर के हों, उनके लिए यहां पांव जमाना बेहद मुश्किल है। ऐसे में कार्तिक आर्यन ने जो किया है वो काबिले तारीफ है। कार्तिक ने शुरूआत की 2011 में प्यार का पंचनामा नाम की फिल्म से। इस समय कार्तिक आर्यन की उम्र थी केवल 21 साल। लेकिन फिल्म में कार्तिक का जादू और उनका लंबा चौड़ा डायलॉग काम कर गया और वो रातों रात फेमस हो गए।


Click it and Unblock the Notifications