Vicky Kaushal Student of the Year 3: विकी कौशल ने एक ऑफर किया रिजेक्ट, करण ने तुरंत ऑफर की नई फिल्म, वीडियो

Vicky Kaushal Student of the Year 3: विकी कौशल की फिल्म गोविंदा नाम मेरा डिज़्नी हॉटस्टार पर रिलीज़ हो रही है, इस बात का एलान किया जा चुका है। वहीं जल्दी ही फिल्म की रिलीज़ डेट की भी घोषणा कर दी जाएगी और माना जा रहा है कि ये कॉमेडी फिल्म, साल के अंत में दर्शकों को गुदगुदाने के लिए हाज़िर होगी। वैसे भी डिज़्नी हॉटस्टार, हर साल का अंत एक फिल्म के साथ दर्शकों के लिए तोहफे के रूप में लेकर आ रहा है। पिछले साल अतरंगी रे ने लोगों का नया साल खुशनुमा किया था।
माना जा रहा है कि इस बार विकी कौशल की फिल्म गोविंदा नाम मेरा, दर्शकों का मनोरंजन करेगी। फिल्म में विकी कौशल का साथ दे रही हैं भूमि पेडनेकर और कियारा आडवाणी। भूमि और विकी इससे पहले, भूत में साथ दिखाई दे चुके हैं वहीं विकी और कियारा इससे पहले, करण जौहर की फिल्म लस्ट स्टोरीज़ में साथ दिखाई दे चुके हैं।

प्रमोशन की शुरूआत
गोविंदा नाम मेरा के प्रमोशन की शुरूआत बड़े ही मज़ेदार वीडियो से हुई है। इस वीडियो में करण जौहर विकी कौशल को समझा रहे हैं कि वो अब स्टार बन चुके हैं और उन्हें अपनी सीरियस इमेज से हटकर एक कॉमेडी फिल्म भी करनी चाहिए। भले ही सरदार ऊधम और उरी जैसी फिल्में विकी की कला को निखार रही हों लेकिन उनका स्टारडम साबित करने के लिए उन्हें एक मसाला फिल्म की बेहद ज़रूरत है और ये मसाला फिल्म करण जौहर उन्हें ऑफर करते हैं। करण उन्हें हिंट देते हैं - चीची यानि कि गोविंदा।

ऑफर की स्टूडेंट ऑफ द ईयर 3
गोविंदा का नाम सुनकर विकी कौशल उछल पड़ते हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि करण जौहर उन्हें गोविंदा बायोपिक ऑफर कर रहे हैं। लेकिन करण जौहर उन्होंने गोविंदा नाम मेरा नाम की एक फिल्म ऑफर करते हैं। फिल्म की कहानी सुनकर विकी इसे ठुकराने की कोशिश करते हैं और करण ये कोशिश समझ जाते हैं। इसके बाद करण जौहर, विकी को और भी बढ़िया ऑफर देते हैं - स्टूडेंट ऑफ द ईयर 3 का। SOTY 3 का नाम सुनकर ही विकी कौशल घबरा जाते हैं और शायद इसलिए वो गोविंदा नाम मेरा के लिए हामी भर देते हैं।

मज़ेदार है कहानी
अगर इस वीडियो में करण जौहर, गोविंदा नाम मेरा की जो कहानी बता रहे हैं, वो सच है तो ये फिल्म काफी मज़ेदार हो सकती है। ये फिल्म कहानी है गोविंदा नाम के एक बैकग्राउंड डांसर की जो अपनी ज़िंदगी में अपनी पत्नी को खुश नहीं रख पा रहा है और उसकी पत्नी का एक बॉयफ्रेंड है। लेकिन फिर उसकी ज़िंदगी में आती है उसकी गर्लफ्रेंड पर गोविंदा की ज़िंदगी में खुशियों और पैसों दोनों की ही बहुत ज़्यादा कमी है। अब इस कमी के बीच कॉमेडी का फ्लेवर कैसे आएगा ये देखना दिलचस्प होगा।

वरूण धवन कर रहे थे फिल्म
गोविंदा नाम मेरा को शशांक खेतान डायरेक्ट कर रहे हैं। पहले ये फिल्म वरूण धवन कर रहे थे और इसे अनाउंस भी किया जा चुका है। फिल्म का नाम भी मिस्टर लेले रखा गया था। और इसे अनाउंस करने के साथ ही इसकी रिलीज़ डेट भी 1 जनवरी 2021 रखी गई थी। लेकिन कोरोना काल के बीच में सारे समीकरण बदल गए और वरूण इस फिल्म से बाहर हो गए। उस समय, वरूण के साथ इस फिल्म में जान्हवी कपूर नज़र आने वाली थी। बाद में कियारा ने जान्हवी को रिप्लेस किया।

हल्की फुल्की फिल्म ढूंढ रहे थे विकी कौशल
इस बीच विकी कौशल भारी भरकम फिल्में करके थक चुके थे। उरी के बाद विकी कौशल, अश्वत्थामा के लिए ट्रेनिंग कर रहे थे तो तख्त की भी तैयारी कर रहे थे। वहीं मेघना गुलज़ार की सैम मानेक शॉ बायोपिक की तैयारी कर रहे थे और साथ ही सरदार ऊधम सिंह की शूटिंग भी कर रहे थे। ऐसे में विकी कौशल एक हल्की फुल्की फिल्म ढूंढ रहे थे और शशांक - करण की फिल्म गोविंदा नाम मेरा का ऑफर उन्हें पसंद आया और उन्होंने बिना वक्त गंवाए इस फिल्म के लिए हां कर दी।

थिएटर में होनी थी रिलीज़
करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शन्स के बैनर तले बनी गोविंदा नाम मेरा शुरू से काफी बदलावों से होकर गुज़री है। ये फिल्म पहले, इस साल 10 जून को रिलीज़ होने वाली थी और इसी दिन, अक्षय कुमार की पृथ्वीराज भी रिलीज़ होने वाली थी। बाद में अक्षय कुमार ने अपनी फिल्म को पहले रिलीज़ करने का फैसला ले लिया और विकी कौशल की फिल्म इस क्लैश से बच गई। इसके बाद अजय देवगन की मैदान, 10 जून को रिलीज़ होने वाली थी। लेकिन आखिरकार दोनों ही फिल्में इस तारीख को रिलीज़ नहीं हुईं। अब गोविंदा नाम मेरा ओटीटी पर रिलीज़ हो रही है।
काफी समय से ये चर्चा थी कि धर्मा प्रोडक्शन्स ने गोविंदा नाम मेरा की डील, ओटीटी के लिए तय कर दी है। हालांकि, ये फिल्म लंबे समय से अटकी है और इस लंबे समय में ये फिल्म ढेर सारे बदलाव से भी गुज़री है। अब करण जौहर ने विकी कौशल के साथ फिल्म का प्रमोशन शुरू कर दिया है। और ये प्रमोशन है बड़ा ही मज़ेदार।


Click it and Unblock the Notifications