यशराज फिल्म्स से अलग हुए करन जौहर
फिल्म निर्माण और वितरण के कार्य में जुटी मनोरंजन जगत की अग्रणी कंपनी यश राज फिल्म्स अब निर्माता-निर्देशक करन जौहर की फिल्मों का वितरण नहीं करेगी।
कंपनी ने करन जौहर की फिल्म निर्माण कंपनी-धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बनी फिल्मों के वितरण से जुड़े 10 साल पुराने करार को वापस ले लिया है। कंपनी ने इसे पूरी तरह व्यवसाय से जुड़ा फैसला बताया है।
यश राज फिल्म्स के उपाध्यक्ष (विपणन और संचार) रफीक गंगजी ने कहा, "हमेशा की तरह धर्मा प्रोडक्शन ने इस बार भी हमें अपनी फिल्मों के वितरण का काम सौंपा लेकिन हमने अब सिर्फ अपनी कंपनी के बैनर तले बनने वाली फिल्मों का वितरण करने का फैसला किया है। धर्मा प्रोडक्शन को हमारा यह फैसला स्वीकार्य है। यह पूरी तरह कारोबार से जुड़ा फैसला है।"
यश राज फिल्म्स और धर्मा प्रोडक्शन का रिश्ता 10 साल पुराना है। यश राज फिल्म्स ने सबसे पहले वर्ष 1998 में जौहर की फिल्म 'कुछ-कुछ होता है' का वितरण किया था।
इसके बाद से यश राज फिल्म्स धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बनी 'कभी खुशी कभी गम', 'कभी अलविदा ना कहना' और 'दोस्ताना' जैसी फिल्मों का वितरण कर चुकी है।


Click it and Unblock the Notifications