'काइट्स' की टीम ने कंगना को भुलाया
राकेश रोशन की आगामी फिल्म 'काइट्स' में भले ही बॉलीवुड की खूबसूरत अभिनेत्री कंगना राणावत एक प्रमुख भूमिका निभा रही हो, लेकिन कांस फिल्म महोत्सव में इस फिल्म की टीम ने कंगना को बुलाना जरुरी नहीं समझा।
कांस में फिल्म के 9 मिनट के ट्रेलर को काफी सराहना भी मिली। फिल्म में रितिक रोशन और विदेशी अभिनेत्री बारबरा मोरी प्रमुख भूमिका में हैं। एक सूत्र के अनुसार राकेश रोशन और डाइरेक्टर अनुराग बसु कांस में पूरी तरह से रितिक और बारबरा को फोकस करना चाहते थे।
बहरहाल कांस में अपने जलवे दिखाने के बाद राकेश और रितिक रोशन तथा अनुराग बसु मुंबई आ गए हैं। फिल्म की अभिनेत्री बारबरा मोरी मैक्सिको वापस जा चुकी हैं।
कंगना के कांस में शामिल नहीं होने के बारे में राकेश रोशन से जब बात की गई तो उन्होंने कहा 'हमारा वहां जाने का फैसला अंतिम मिनटों में हुआ। कौन जा रहा है, कौन नहीं, इसका हमको भी पता नहीं था। मेरे भाई राजेश रोशन जिन्होंने 'काइट्स" का संगीत तैयार किया है, वे भी नहीं जा सके।
कंगना को क्यों नहीं ले जाया गया, इस बारे में फिल्म के सह-निर्माता बिग पिक्चर्स वाले इस बारे में बेहतर बता सकते हैं।' बिग पिक्चर्स के प्रतिनिधि ने इस विषय पर हंसते हुए कहा 'राकेश रोशन इस बारे में बेहतर बता सकते हैं।' बेचारी कंगना, उनके बारे में किसी ने कुछ नहीं सोचा।


Click it and Unblock the Notifications











