संजय दत्त पर आधारित है 'जेल'?

मधुर भंडारकर ने इस बात से इंकार करते हुए कहा कि उनकी आगामी फिल्म 'जेल' बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त के जीवन पर आधारित नहीं है।
भंडारकर ने बताया "मेरी आगामी फिल्म दत्त या किसी के जीवन पर आधारित नहीं है। यह एक ऐसे कामकाजी व्यक्ति की कहानी है, जिसे एक घटना के बाद जेल जाना पड़ता है। "
'चांदनी बार', 'पेज 3' और 'फैशन' जैसी फिल्में बनाने वाले भंडारकर ने कहा है कि वह अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग जेल में करना चाहते हैं।
भंडारकर ने कहा कि यदि उन्हें प्रशासन की अनुमति मिलेगी तो वह देहरादून और पुणे की जेल में फिल्म की शूटिंग करेंगे। उन्होंने कहा कि फिल्म में वह जेल की जिंदगी को पर्दे पर उतारने की कोशिश करेंगे।
भंडारकर ने कहा, "मैं फिल्म में जेल के बारे में काफी कुछ दिखाना चाहता हूं लेकिन यह भी सच है कि दो घंटे 15 मिनट की फिल्म में आप सभी कुछ नहीं दिखा सकते।"
भंडारकर की आगामी फिल्म में मुख्य भूमिका अभिनेता नील नीतिन मुकेश निभाएंगे।


Click it and Unblock the Notifications