Pics: क्या दीपिका पादुकोण ने शुरू की पीवी सिंधू बायोपिक की तैयारी? साथ में कर रहीं बैडमिंटन प्रैक्टिस
दीपिका पादुकोण के पास इस समय अच्छे प्रोजेक्ट्स की भरमार है और वो रोज़ कुछ ना कुछ नया करने की कोशिश में हैं। अब उनकी ताज़ा तस्वीरों को देखते हुए यही लग रहा है कि जल्दी ही दीपिका पादुकोण, पीवी सिंधू बायोपिक का हिस्सा बन सकती हैं। अब चूंकि दीपिका पादुकोण प्रोड्यूसर बन चुकी हैं तो देखना होगा कि वो केवल ये फिल्म प्रोड्यूस करेंगी या फिर पीवी सिंधू की बायोपिक में नज़र आएंगी।
दरअसल, पिछले कुछ समय से दीपिका पादुकोण, बैडमिंटन स्टार के साथ काफी वक्त बिता रही हैं। जहां पिछले हफ्ते, दीपिका और रणवीर, पीवी सिंधू के साथ डिनर करते दिखाई दिए थे। वहीं अब दीपिका पीवी सिंधू के साथ बैडमिंटन खेलती नज़र आईं।

गौरतलब है कि दीपिका पादुकोण बैडमिंटन की शौकीन रही हैं और नेशनल लेवेल पर बैडमिंटन खेल चुकी हैं। उनके पिता प्रकाश पादुकोण वर्ल्ड चैंपियन रह चुके हैं और अगर दीपिका फिल्मों की ओर रूख ना करतीं तो आज देश की बड़ी बैडमिंटन खिलाड़ी हो सकती थीं। ऐसे में दीपिका और पीवी सिंधू की दोस्ती स्वाभाविक है।
लेकिन जब से फैन्स ने दीपिका और पीवी सिंधू को साथ में बैडमिंटन खेलते देखा है, उनकी स्वाभाविक सी दोस्ती में भी फैन्स को फिल्म का स्कोप नज़र आ रहा है।

दीपिका पादुकोण के पास शानदार प्रोजेक्ट्स की भरमार
दीपिका पादुकोण भले ही काफी समय से बड़े परदे से गायब हैं लेकिन इसका असर उनके आने वाले प्रोजेक्ट्स पर नहीं पड़ रहा है। दीपिका लगातार अच्छी कहानियां सुन रही हैं और अच्छे प्रोजेक्ट्स साईन भी कर रही हैं। इसलिए इस समय उनके पास एक तरफ बेस्ट कहानियां हैं तो दूसरी तरफ एक से एक कहानियों और बड़े बैनर के ऑफर्स हैं। हाल ही में उन्होंने भंसाली की बैजू बावरा रिजेक्ट कर दी है क्योंकि उन्हें मुंह मांगी फीस नहीं मिल रही थी।

पहले बनेंगी द्रौपदी और फिर सीता
मधु मंटेना ये साफ कर चुकी हैं कि उनकी आने वाली mytho - verse यूनिवर्स में दीपिका पादुकोण पहले सीता बनेंगी और उसके बाद द्रौपदी। जहां, सीता में रामायण को सीता की दृष्टि से दिखाया जाएगा और माना जा रहा है कि ये देवदत्त पटनायक की किताब पर आधारित हो सकती है वहीं द्रौपदी में महाभारत को द्रौपदी की दृष्टि से दिखाया जाएगा जो चित्रा बनर्जी की किताब द पैलेस ऑफ इल्यूजन्स पर आधारित है।

साथ में बड़े को स्टार्स
इन दो पौराणिक फिल्मों में दीपिका पादुकोण के अपोज़िट दो सुपरस्टार एक्टर्स के नाम की चर्चा शुरू से रही है। पहला तेलुगू सुपरस्टार महेश बाबू और दूसरे ऋतिक रोशन। माना तो ये भी जा रहा था कि सीता में महेश बाबू राम और ऋतिक रोशन ने रावण के किरदार के लिए हामी भर दी है। इस फिल्म की अनाउंसंमेंट बहुत ही भव्य स्तर पर दीवाली में होनी है।

अमिताभ बच्चन के साथ एक और फिल्म
इसके अलावा, दीपिका पादुकोण, अमिताभ बच्चन के साथ अंग्रेज़ी फिल्म द इंटर्न के रीमेक में भी दिखाई देंगी। इस फिल्म में पहले दीपिका पादुकोण ऋषि कपूर के साथ नज़र आने वाली थी लेकिन उनके निधन के बाद अमिताभ बच्चन ने ऋषि कपूर को इस फिल्म में रिप्लेस किया है। इससे पहले, बच्चन साहब और दीपिका की केमिस्ट्री की पीकू में काफी तारीफ हो चुकी है।

बदल रही हैं अपनी छवि
दीपिका पादुकोण, सिद्धार्थ आनंद की अगली एक्शन फिल्म फाईटर पर भी काम शुरू कर चुकी हैं। फिल्म में दीपिका पादुकोण पहली बार ऋतिक रोशन के साथ दिखाई देंगी। फैन्स इस जोड़ी को देखने के लिए इतने ज़्यादा उत्साहित हैं कि अभी से ही फिल्म को ब्लॉकबस्टर करार दे चुके हैं। इस फिल्म के साथ दीपिका पादुकोण अपनी इमेज पूरी तरह से बदल कर रख देंगी।

कर रही हैं पठान की शूटिंग
दीपिका पादुकोण, शाहरूख खान के साथ यशराज फिल्म्स पठान में दिखाई देंगे। ये दीपिका और शाहरूख खान चौथी फिल्म होगी। इससे पहले दीपिका पादुकोण और शाहरूख खान ओम शांति ओम, हैप्पी न्यू ईयर और चेन्नई एक्सप्रेस में दिखाई दे चुके हैं। दीपिका पादुकोण, शाहरूख खान और जॉन अब्राहम के साथ पठान की शूटिंग भी शुरू कर चुकी हैं।

हॉरर फिल्म की तैयारी?
हाल ही में दीपिका ने अपने इंस्टाग्राम पर बिना किसी कैप्शन के एक वीडियो शेयर किया था जिसके बाद से कयास लगाए जा रहे हैं कि उन्हें कोई धमाकेदार हॉरर या साईकोलॉजिकल थ्रिलर ऑफर हो चुकी है।
गौरतलब है कि दीपिका पादुकोण ने पिछले साल ही अपने करियर के 12 साल पूरे किए हैं। इस दौरान संजय लीला भंसाली की फिल्मों ने उनके करियर की दिशा ही मोड़ कर रख दी। वरना दीपिका लगातार कॉमर्शियल फिल्मों का हिस्सा तो थीं लेकिन उनके टैलेंट को काफी कम लोग देख पा रहे थे। अब उनकी आने वाली फिल्मों की ये लाईन देखकर तो लग रहा है कि दीपिका पादुकोण धमाका करने वाली हैं।


Click it and Unblock the Notifications
