एक्शन फिल्में करना चाहतें है इरफान
बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान एक गंभीर छवि में बंधे हुए है। वह अपनी गंभीर छवि से बाहर निकलने की लगातार कोशिश कर रहे हैं।
ऑस्कर पुरस्कारों से सम्मानित होने वाली डैनी बॉयल की 'स्लमडॉग मिलियनेयर' में इंस्पेक्टर और 'न्यूयार्क' फिल्म में एफबीआई जासूस की भूमिका निभा चुके इरफान ने कहा, "मैंने जिस दिन से अपने करियर की शुरुआत की है तभी से मैं एक ही तरह की छवि तोड़ने की कोशिश कर रहा हूं।"
इरफान ने कहा, "जब मैं टेलीविजन के लिए काम करता था, उस वक्त सभी मुझे एक चिकित्सक के रूप में देखना चाहते थे। डॉक्टर का किरदार करते हुए मैं परेशान हो गया था। फिल्मों में मुझे एक सज्जन और संवेदनशील व्यक्ति के रूप में प्रस्तुत करने की कोशिश की गई। लेकिन यह बिल्कुल भी उत्साहजनक नहीं था क्योंकि एक फिल्मी 'शरीफ' की भूमिका बेहद उबाऊ होती है।"
उन्होंने कहा, "आगे मुझे खलनायक की भूमिकाएं भी मिलीं। फिर मैंने हास्य फिल्में कीं। इस तरह मैं एक ही तरह के किरदारों में न बंधने की लगातार कोशिश कर रहा हूं।"
'सलाम बाम्बे', 'मकबूल', 'लाइफ इन ए मैट्रो', 'द नेमसेक', 'दिल कबड्डी' और 'न्यूयार्क' जैसी फिल्मों में काम कर चुके इस अभिनेता का कहना है कि वह एक्शन भरी साहसिक फिल्में करना चाहते हैं क्योंकि ये फिल्में अभिनेता को एक ही तरह के किरदार में नहीं बांधतीं हैं।
उनकी आने वाली फिल्में 'एसिड फैक्टरी' और 'पान सिंह तोमर' दोनों ही एक्शन पर आधारित फिल्में हैं।


Click it and Unblock the Notifications