इम्तियाज की अगली फिल्म में रनबीर
बॉलीवुड के गुजरे जमाने के स्टार ऋषि कपूर ने कहा है कि आने वाले दिनों में उनके अभिनेता पुत्र रनबीर कपूर मशहूर फिल्मकार इम्तियाज अली के साथ काम करते देखे जा सकते हैं।
हाल ही में प्रदर्शित फिल्म 'लव आज कल' में सशक्त भूमिका निभाने वाले कपूर ने कहा, "मुझे यकीन है कि 2010 में रनबीर और इम्तियाज एक साथ काम करते देखे जा सकेंगे। दोनों के बीच कई मुलाकातें हो चुकी हैं और आने वाले दिनों में जल्द ही दोनों किसी फिल्म की घोषणा करने वाले हैं।"
रणबीर और इम्तियाज की आगामी फिल्म की कहानी, अभिनेत्री, प्रोडक्शन हाउस और अन्य चीजों के बारे में पूछे जाने पर कपूर ने हालांकि चुप्पी साथ ली।
उन्होंने कहा, "रणबीर अपनी फिल्मों का चयन खुद ही करते हैं। मैं उसमें दखलअंदाजी नहीं करता। मैं जानता हूं कि रनबीर का इम्तियाज के साथ काम करना बहुत अच्छा फैसला होगा।"
इम्तियाज अली को बॉलीवुड को सबसे प्रतिभाशाली फिल्मकारों में एक माना जा रहा है। उनकी 'लव आज कल' बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही है। इससे पहले उनकी फिल्म 'जब वी मेट' भी बहुत बड़ी हिट फिल्म साबित हुई थी। इस लिहाज से आज का हर एक अभिनेता इम्तियाज के साथ काम करने को उत्सुक है।


Click it and Unblock the Notifications