कांस में मिलेगे रितिक और बारबरा
फिल्म अभिनेता रितिक रोशन की मुलाकात बारबरा मोरी से कांस फिल्म समारोह में होगी। रितिक ने बारबरा को मुम्बई आने का न्योता दिया था जिसे बारबरा ने ठुकरा दिया था। बीच में उन दोनो के बीच रोमांस की खबरें चर्चा में थी।
रितिक अपनी फिल्म काइट्स के विशेष प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए कांस फिल्म समारोह में गुरुवार को पहुंच रहे हैं। यह जानकारी रितिक के पिता राकेश रोशन ने दी। राकेश रोशन ने कहा है कि रितिक इस फिल्म को अपने होम प्रोडक्शन की पहली अंतर्राष्ट्रीय फिल्म के रूप में भी प्रचारित करेंगे।
फिल्म के निर्देशक अनुराग बसु भी बुधवार से शुरू हुए 62वें कांस फिल्म समारोह में उपस्थित होंगे।
राकेश रोशन ने कहा है, "जी हां, रितिक, अनुराग और बिग पिक्च र्स के प्रतिनिधियों के साथ मैं कांस में उपस्थित रहूंगा। बारबरा मोरी मेक्सिको से आकर हमारे साथ जुड़ेंगी। हम 15 मई को काइट्स का विशेष रूप से तैयार किया गया एक ट्रैलर प्रदर्शित करेंगे।
उसके बाद 16 मई को कांस में अंतर्राष्ट्रीय खरीदारों के लिए फिल्म का पदर्शन किया जाएगा।"
राकेश रोशन ने कहा, "हम काइट्स को अपने होम प्रोडक्शन की पहली वास्तविक अंतर्राष्ट्रीय फिल्म के रूप में प्रचारित करने की उम्मीद लगाए हुए हैं। कांस अंतर्राष्ट्रीय सिनेमा के लिए एक महत्वपूर्ण स्थान है। इसीलिए हमने फिल्म को समय के भीतर पूरा कर लिया है।"
राकेश रोशन ने कहा है कि फिल्म काइट्स के साथ कांस में उनके जाने से निर्माताओं और मल्टीप्लेक्स के बीच उत्पन्न ताजा गतिरोध का कुछ भी लेना-देना नहीं है।
काइट्स की टीम गुरुवार को कांस पहुंच रही है और रविवार को वहां से प्रस्थान कर देगी।


Click it and Unblock the Notifications