WAR ट्रेलर: एक्शन का डबल धमाका- प्रभास के साथ दिखेंगे ऋतिक रोशन और टाईगर श्राफ!
ऋतिक रोशन और टाईगर श्राफ की बिग बजट एक्शन फिल्म 'वॉर' 2 अक्टूबर को रिलीज होने वाली है। फिल्म के टीजर को खूब पसंद किया गया। वहीं, रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म का ट्रेलर अगस्त अंत में रिलीज कर दिया जाएगा। इतना ही नहीं, बल्कि वॉर के ट्रेलर को साहो के साथ जोड़ा जाएगा। यानि की प्रभास की एक्शन फिल्म साहो के साथ फैंस वॉर की झलक भी देख लेंगे।
जहां साहो की भारत की सबसे बड़ी एक्शन फिल्म का टैग दिया गया है, वहीं वॉर को भी बॉलीवुड की सबसे बड़ी एक्शन फिल्म माना जा रहा है। कोई शक नहीं कि फैंस के लिए यह एक्शन धमाका काफी जबरदस्त होने वाला है। साहो 30 अगस्त को देशभर में चार भाषाओं में रिलीज होने वाली है।

यशराज फिल्म्स के बैनर तले बन रही फिल्म 'वॉर' का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। फिल्म का पहला टीजर एक्शन से भरपूर था, जिसे हर किसी से पॉजिटिव प्रतिक्रिया मिली। टाईगर और ऋतिक के फैंस भी बेहद खुश हैं। फिल्म के निर्देशक ने कहा- 'वॉर' को बनाते वक्त हमने लगातार दिमाग में एक बात को रखा कि इस फिल्म को भारत में अब तक के सबसे बड़े इंटरटेनर के रूप में देखा जाएगा।
इस फिल्म के एक्शन सीन्स को चार एक्शन कोरियोग्राफर्स मिलकर डाइरेक्ट करने वाले हैं, जिनमें से तीन एक्शन डाइरेक्टर हॉलीवुड से हैं, जबकि एक बॉलीवुड के स्टंट स्पेशलिस्ट। ऋतिक- टाईगर के साथ इस फिल्म में वाणी कपूर नजर आएंगी। फिल्म 2 अक्टूबर 2019 को रिलीज होगी।


Click it and Unblock the Notifications