'हरी पुत्तर' को पसंद है बाइक
फिल्म 'हरी पुत्तर' में मुख्य भूमिका निभाने वाले जेन खान भले ही इन दिनों मुंबई के सबसे व्यस्त बाल कलाकारों में से एक हों लेकिन फिल्मों से कहीं ज्यादा उन्हें बाइक की सवारी अच्छी लगती है।
बड़े होकर अभिनेता और मोटरबाइक रेसर बनने की ख्वाहिश रखने वाले जेन ने कहा, "सुनने में दोनों बातें कुछ अजीब सी लगती हैं, लेकिन मैं औरों से अलग बनना चाहता हूं।
अभिनय के अलावा इस समय मैं मोटरबाइक रेसिंग भी कर रहा हूं, आमतौर पर मेरी उम्र के बच्चे ऐसा नहीं करते लेकिन मैं करके खुश हूं।"
जेन के अनुसार मात्र पांच वर्ष की उम्र से ही उन्होंने बाइक चलाना शुरू कर दिया था। वे कहते हैं, "मेरे पिता भी बाइक रेसर हैं। दो साल की उम्र से ही मेरी रुचि बाइक में जाग गई थी। आज भी फिल्मों से कहीं ज्यादा मुझे बाइक चलाना आकर्षित करता है।"
गौरतलब हो कि इससे पहले जेन ' चैन खुली की मेन खुली' में आ चुके है, जिसमें उनके साथ राहुल बोस थे। हालांकि यह फिल्म ज्यादा नही चल पाई थी।
केन घोष की आने वाली फिल्म में जेन जिया खान के भाई और शाहिद कपूर के छात्र बने है।


Click it and Unblock the Notifications