फिल्मफेयर एवॉर्ड की उम्मीद में शाहरुख़

सबसे ज़्यादा 8 नामांकन पाने वाली फ़िल्म 'माई नेम इज़ ख़ान" के लिए ही सर्वश्रेष्ठ निर्देशक वर्ग में नामांकित करण जौहर भी चाहते हैं कि उनकी फ़िल्म के लिए शाहरुख़ को बेस्ट ऐक्टर अवॉर्ड मिले. बुधवार को मुम्बई में 56वें फ़िल्मफ़ेयर अवॉर्ड्स के नामांकनों की घोषणा हुई. इस समारोह में बॉलीवुड के कई सितारे शामिल हुए. इसके अलावा फ़ैशन डिज़ाइनर मनीष मल्होत्रा का फ़ैशन शो भी हुआ जिसमें बॉलीवुड के कई नए-पुराने सितारों ने हिस्सा लिया.
'माई नेम इज़ ख़ान' और सलमान ख़ान की 'दबंग' को सर्वेश्रेष्ठ फ़िल्म, सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और सर्वश्रेष्ठ निर्देशक वर्गों में नामांकित किया है. पिछले साल की सबसे बड़ी हिट, 'दबंग", की झोली में इस साल अबतक के कई अवॉर्ड्स जा चुके हैं. फ़िल्म को फ़िल्मफ़ेयर में 6 वर्गों में नामांकित किया गया है. फ़िल्म के निर्माता अरबाज़ ख़ान को उम्मीद है कि फ़िल्मफ़ेयर में भी उनकी फ़िल्म अवॉर्ड जीतेगी.
पिछले दिनों अवॉर्ड्स समारोह की चयन प्रक्रिया के बारे में अजय देवगन, मधुर भंडारकर और करीना कपूर की टिप्पणियां इस समय चर्चा में हैं. इन सभी ने अलग-अलग तरीके से कहा है कि अवॉर्ड उन्हीं को मिलता है जो समारोह में शामिल होते हैं या वहां पर्फ़ोम करते हैं. इस बारे में अरबाज़ ख़ान का कहना था, “लोगों की अपनी-अपनी सोच है, कई बार ऐसा हुआ भी है. लेकिन अवॉर्ड नहीं मिला तो इसका मतलब ये नहीं कि आप अच्छे ऐक्टर नहीं हैं या आप बुरी फ़िल्में बनाते हैं."
सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म वर्ग में 'बैंड बाजा बारात', 'पीपली लाइव' और 'उड़ान' को भी नामांकित किया गया है. सर्वश्रेष्ठ अभिनेता वर्ग में शाहरुख़ ख़ान और सलमान ख़ान के अलावा 'गुज़ारिश' के लिए ऋतिक रोशन, 'राजनीति' के लिए रणबीर कपूर और 'वंस अपॉन ए टाइम इन मुम्बई' के लिए अजय देवगन शामिल हैं. ऐश्वर्या राय बच्चन को 'गुज़ारिश' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री वर्ग में नॉमिनेट किया गया है.
शाहरुख़ ने फ़िल्म 'गुज़ारिश" में ऋतिक रोशन के काम की तारीफ़ करते हुए ये भी कहा कि अगर कुछ लोगों को नामांकित नहीं किया गया, इसका मतलब ये नहीं है कि उन्होंने अच्छा काम नहीं किया है. अभिनेता माधवन ने कुछ हल्के-फुल्के अंदाज़ में कहा, “इस बार भी मैं बाकी लोगों के लिए बहुत ज़ोर से तालियां बजाऊंगा. जिनके लिए आप ताली बजाते हैं वो आपके दोस्त बन जाते हैं और जिनके लिए नहीं बजाते, वो कुछ दिनों के लिए दुश्मन बन जाते हैं, लेकिन ये चलता है."
सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री वर्ग में ऐश्वर्या राय बच्चन (गुज़ारिश), काजोल (माई नेम इज़ ख़ान), विद्या बालन (इश्किया), करीना कपूर (गोलमाल 3) और अनुष्का शर्मा (बैंड बाजा बारात) को नामांकन मिले हैं. ऐश्वर्या राय बच्चन मानती हैं कि 'गुज़ारिश" को नामांकन मिलना पूरी टीम के लिए सम्मान की बात है. इससे पता चलता है कि लोगों ने उनके काम को सराहा है. इस मौके पर सोनाक्षी सिन्हा, रणवीर सिंह, इमरान ख़ान, मनोज बाजपेयी, कुणाल खेमू, समीरा रेड्डी, उर्मिला मतोंडकर, और अनुष्का शर्मा भी पहुंचे. 56वें फ़िल्मफ़ेयर अवॉर्ड 29 जनवरी को मुम्बई में आयोजित होंगे.


Click it and Unblock the Notifications