नया साल नए चैप्टर की तरह होता है
हर नया साल नई आशाएं और नई आकांक्षाएं लेकर आता है. नीचे तबके से लेकर ऊंचे तबके के सभी लोगों को उम्मीद होती है कि नया साल सिर्फ नई तारीखें ही नहीं बल्कि नए सपनें भी लेकर आएगा जिसे पूरा करने के लिए हम एक और साल तन मन से जुट जाएगा. फिलहाल यहां हम विभिन्न कलाकारों से उनकी नव वर्ष की योजनाओं के साथ नव वर्ष के मायने और उनके संकल्पों के बारे में आपको बता रहे हैं. हो सकता है उनसे प्रेरित होकर आप भी कुछ नए संकल्प ले लें जिससे आपका जीवन और सुदृढ हो जाए.
टापुर चैटर्जी (मॉडल)
कोई खास प्लान नहीं है. आज के दिन मैं अपनी किसी करीब के यहां जाना पसंद करती हूं. आज के दिन रास्तों पर बहुत भीड होती है इसलिए बेहतर है कि मैं घर पर रहकर ही नए साल का स्वागत करूं. यूं भी नए साल का स्वागत अपने करीबी और अपने प्रियजनों के साथ करना चाहिए जो मैं कर रही हूं.
मेरे लिए नए साल का मतलब है हर बढते साल को बेहतर बनाना. साथ ही हर नए साल के माध्यम से यादें ताज़ा होती रहती है. मुझे अपने जीवन से कोई शिकायत नहीं है.
मुझे लगता है संकल्प टूटने के लिए बनते हैं सो मैं संकल्पों पर विश्वास नहीं करती. मैं जो भी करती हूं दिल से करती हूं.
आर्यन वैद्य (मॉडल, अभिनेता)
नव वर्ष के अवसर पर नवी मुंबई स्पोर्ट्स क्लब में मेरा डांस परफॉर्म है इसमें मैंदर्दे डिस्को तथा भूल भूलैया के गीतों पर परफॉर्म करने वाला हूं. इसमें मेरे साथ दलेर मेहंदी, ईशा कोप्पिकर और निषा कोठारी है.
नव वर्ष का मतलब मेरे लिए कोई पडाव नहीं है. मैं समझता हूं बदलाव लाना है तो आदमी को अंदर से लाना चाहिए. महज़ तारीख बदलने से कुछ नहीं बदलता.
मैं नव वर्ष पर संकल्प नहीं बनाता और न ही इन पर विश्वास करता हूं. संकल्प दिन ब दिन बनते जाते हैं. मैं समझता हूं आदमी अपनी तकदीर अपनी मेहनत से खुद लिखता है.
प्रियंका (निषा) कोठारी (अभिनेत्री)
नए साल में मैं नवी मुंबई स्पोर्ट्स क्लब में डांस परफॉर्म कर रही हूं. मैं 'आ खुशी से खुदखुशी कर लें", 'मज़ा नहीं है दिखाने में", 'ईट्स रॉकिंग" तथा 'यू आर माय माइंड ब्लोइंग माहिया", इन गीतों पर परफॉर्म करने वाली हूं.
मेरे लिए सिर्फ नए साल का ही नहीं बल्कि हर दिन के मायने होते हैं. हां इस बात की आशा होती है कि नया साल कुछ नया लेकर आएगा. अच्छी सोच के साथ आगे बढना चाहती हूं.
मैं कभी संकल्प नहीं बनाती हूं क्योंकि जब भी मैं कोई संकल्प बनाती हूं वह टूट जाता है. यदि आप सचमुच में जानना चाहती हैं कि मैंने क्या संकल्प बनाया है तो आप मुझसे यह सवाल 2009 में किजिएगा. तब मैं भी आपको बता पाऊंगी कि मैंने क्या संकल्प बनाया था.
रुसलान मुमताज़ (अभिनेता)
मेरे दोस्त ने कर्जत में नया घर लिया है सो मैं उसके घर पर हूं और यहीं पर मैं अपना न्यू ईयर मनाने वाला हूं. मेरा रिकॉर्ड रहा है मैंने मुंबई में कभी भी न्यू ईयर नहीं मनाया.
मेरे लिए नए साल का मतलब है नई आशाएं, नए सपने. नए साल से हमें पिछली गलतियों को सुधारने का मौका मिलता है. साथ ही नया साल हमारी असफलताओं को सफलता में बदलने का एक खूबसूरत मौका है.
इस साल मेरा संकल्प है कि मैं पैसे ज़्यादा कमाऊंगा और खर्च कम करूंगा. पिछले साल मैंने इसका उल्टा किया था.
मासूमी मखिजा (अभिनेत्री)
इस साल मैं पूणे में अपने पूरे परिवार के साथ हूं. मेरे पापा कनाडा से आए हुए हैं हम सब मिलकर नया साल मनाने वाले हैं. दिवाली और नया साल यह दो ऐसे त्यौहार है जिसे हम सब मिलकर मनाते हैं.
मेरे लिए नए साल के काफी मायने हैं. खुशी की बात है कि हमारे देश में अलग अलग कैलेंडर के अनुसार तीन या चार बार नया साल मनाया जाता है. मैं हर नए साल का स्वागत अपने दोस्तों के साथ हंसी मज़ाक करते हुए करती हूं. मेरे लिए नए साल के यही मायने है.
हर साल मैं कुछ नया सीखना चाहती हूं. इस बार मैं एयर क्राफ्ट उडाना सीखने वाली हूं. बारामती के पास फ्लाइंग क्लब में अभी बात चल रही है. वैसे मैं और भी फ्लाइंग क्लब देख रही हूं. जो मुझे अच्छे से सीखाएगा मैं उससे सीखूंगी. आशा करती हूं मेरा यह सपना पूरा हो.
निखिल द्विवेदी (अभिनेता)
नए साल के लिए मेरा कोई प्लान नहीं है. रात को जागने की बजाय मैं जल्दी सोने वाला हूं क्योंकि अपने फिल्म की प्रोमोशन के लिए सवेरे पांच बजे मुझे जयपुर पहुंचना है. इसके लिए मुझे सवेरे जल्दी उठना होगा.
इस साल मेरी पहली फिल्म रिलीज़ हो रही है सो मेरे लिए तो यह साल काफी महत्वपूर्ण है.
नव वर्ष में यही संकल्प है कि मेहनत से काम करता रहूंगा, जिससे बॉलीवुड में अपने कदम जमाए रख सकूं.
अनिता हसनंदानी (टी वी तथा फिल्म कलाकार)
अब तक नए साल के लिए कुछ भी प्लान नहीं किया है.
नए साल की शुरूआत खुशी से करनी चाहिए. जिनसे आप प्यार करते हैं उनके साथ वक़्त बिताइए और खुश रहिए. मेरे लिए नए साल के यही मायने हैं.
मैं बहुत सोती हूं इसलिए मैंने यह संकल्प लिया है कि अब से मैं सुबह जल्दी उठा करूंगी.
सुनील ग्रोवर (टी वी कलाकार)
(हंसते हुए) मैं पनवेल अपने दोस्त के फार्म हाउस में जा रहा हूं जहां बैठकर मैं ढेर सारे संकल्प बनाने वाला हूं. साढे दस बजे रात से शुरू यह पार्टी रात दो बजे तक चलेगी इसमें मैं तीस चालीस गाने और ड्रिंक के साथ ढेर सारे सकल्प बनाऊंगा. हां मगर बीच में बारह बजे थोडा सा वक़्त अपने परिवार और दोस्तों को शुभकामनाएं देने में बिताऊंगा.
मेरे लिए ज़िंदगी एक किताब की तरह है जिसमें नया साल नए चैप्टर की तरह होता है. जिस तरह हर नए चैप्टर के साथ नई बातें हम सीखते हैं उसी तरह हर नए साल में हम बहुत कुछ सीखते हैं और उसी के अनुसार हम अपने जीवन को काफी खूबसूरत बना सकते है. मेरे लिए नए साल के यही मायने हैं.
2008 के लिए मैं बहुत उत्साहित हूं. इस साल को मैं एक उत्सव की तरह मनाना चाहता हूं. नव वर्ष का मेरा संकल्प है 2008 में ढेर सारे पैसे कमाना. साथ ही मैं कुछ ऐसा करूं जिससे लोग मुझे मेरे असली नाम से जानें.
सारा खान (टी वी कलाकार)
अभी तक तो नए साल के लिए मैंने कोई प्लान नहीं बनाया है मगर हां इतना तय है कि पारुल (बिदाई - रागिनी) और मेरे कॉलेज के कुछ दोस्तों के साथ हम नए साल का स्वागत हम पूरे ज़ोर शोर के साथ करेंगे. दरअसल मैं मुंबई में नई हूं इसलिए अभी मेरे दोस्तों की मात्रा काफी कम है और साथ ही इस शहर के बारे मे जानकारी भी.
मेरे लिए नए साल के मायने एकदम अलग है. 31 दिसंबर के साथ एकदम से पूराना साल चला जाता है और नया आ जाता है और उसके अनुसार हम नई योजनाएं बनाते हैं. कभी कभी दिक्कत यह होती है कि योजनाएं पूरी नहीं हो पाती और नया साल भी पिछले साल की तरह एक दिन पूराना होकर गुज़र जाता है.
इस साल नव वर्ष में मैंने यह संकल्प बनाया है कि इस साल से करियर के लिए अधिक मेहनत करूंगी.


Click it and Unblock the Notifications