किसिंग छोड़ कुछ नया करेंगे इमरान
अभिनेता इमरान हाशमी अपनी आने वाली फिल्म 'वंस अपॉन ए टाइम इन मुंबई' से अपनी सीरियल किसर की छवि बदलना चाहते हैं। इस फिल्म में वह सिक्स पैक एब्स में अंडरवर्ल्ड डॉन को चुनौती देते दिखेंगे। निर्देशक मिलन लुथरिया कहते हैं कि वह जानबूझकर इमरान को यह रूप देना चाहते थे।
लुथरिया ने कहा, "इमरान का हमेशा एक हारने वाले व्यक्ति और विद्रोही का चरित्र रहा है। मैं उनकी सीरियल किसर की छवि को तोड़ना और फिल्म में नए रूप में दिखाना चाहता हूं।" उन्होंने कहा, "मैंने इमरान को चुना और फिर उन्हें यह रूप दिया। एक ऐसे युवा अभिनेता को खोजना बहुत मुश्किल था जो अजय देवगन के विपरीत खड़ा हो सके।"
यह फिल्म 70 के दशक के मुंबई के अंडरवर्ल्ड पर आधारित है और इमरान हाशमी का किरदार अजय देवगन द्वारा निभाए गए अंडरवर्ल्ड डॉन के किरदार को चुनौती देगा। इमरान ने आईएएनएस से कहा, "फिल्म के किरदार के लिए इस तरह का रूप आवश्यक था। मेरा किरदार शारीरिक रूप से सुदृढ़ दिखता है। यह रूप पटकथा की मूल आवश्यकताओं में एक था।"
'वंस अपॉन ए टाइम..' में अभिनेत्री कंगना रणावत और प्राची देसाई भी अभिनय कर रही हैं। फिल्म जून 2010 में बड़े पर्दे पर उतर सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications