उर्वशी ने की एकता से बगावत
एकता कपूर टीवी की महारानी के रुप में वह चर्चित तो है ही, अपनी तानाशाही की वजह से भी जानी जाती है. वो चाहती हैं कि उसके मुकाबले में कोई भी निर्माता खडा ही ना हो पाये. यही वजह है कि उसने अपने शो में काम करने वाले सभी कलाकारों को गोल्ड अवार्ड में भाग नहीं लेने का फरमान जारी किया है. लेकिन एकता के इस फरमान से कलाकार खुश नहीं हैं और वे मानते हैं कि यह उन पर ज्यादती है और एकता की ईर्ष्या को जाहिर करता है. बालाजी के शो में काम करने वाले ज्यादातर कलाकार इस फरमान से सहमे हुए हैं. आखिरकार उन्हें एकता के साथ ही काम करना है, यही वजह है कि वे जहां एकता के खिलाफ खुलकर सामने नहीं आ पा रहे हैं, वहीं अवार्ड में हिस्सा लेने की इच्छा होते हुए भी वे इसमें शामिल नहीं होने पर मजबूर हैं.
लेकिन एकता के शो में ही काम करने वाली अभिनेत्री उर्वशी ढोलकिया साहस करके न सिर्फ अवार्ड समारोह में हिस्सा ले रही हैं बल्कि वह इसमें कार्यक्रम भी प्रस्तुत कर रही हैं. उर्वशी के अनुसार कलाकार कभी किसी का गुलाम नहीं होता, एकता के शो में काम करने का मतलब यह नहीं है कि वे एकता की गुलामी करें. अवार्ड शो पूरी टीवी इंडस्ट्री के लिए आयोजित किए जा रहे हैं और इसमें हिस्सा लेने का सभी कलाकारों को अधिकार है, जिसे रोका जाना गलत है.
बताया जाता है कि बालाजी के शो में काम करने वाले कई कलाकार भले ही अवार्ड समारोह में कार्यक्रम प्रस्तुत नहीं कर रहे हों लेकिन वे इसमें हिस्सा लेने का मूड बनाये हुए हैं जिन्हें रोकना एकता के वश में नहीं दिखाई देता है. ज्ञात हो कि गोल्ड अवार्ड का आयोजन 22 सितंबर को मारीशस में किया जा रहा है. इसका आयोजन विकास कलंत्री और पूजा घई की गोल्ड लीफ इंटरटेन्मेंट और अनुज सक्सेना का मेवरिक प्रोड्क्शन कर रहा है. अनुज और विकास से एकता का छ्त्तीस का आंकडा है और टीवी इंडस्ट्री में इनके बीच काफी प्रतिद्वंदिता है. एकता ने भी इनके देखादेखी अपने अवार्ड समारोह को आयोजित करने की घोषणा की है. कुल मिलाकर अवार्ड समारोह का यह घमासान काफी रोचक होने जा रहा है.


Click it and Unblock the Notifications