दुलकर सलमान क्यों करते थे सलमान खान की गाड़ी का पीछा? एक्टर ने सुनाया दिलचस्प किस्सा
सलमान खान पिछले 33 सालों से लगातार लोगों के दिलों पर राज कर रहे हैं। कई लोग उनसे प्रेरित होकर, फिल्मों में आना चाहते थे तो कई एक्टर ऐसे हैं जो सलमान खान जैसी स्टारडम पाने की चाह रखते हैं। बॉलीवुड से लेकर साउथ फिल्म इंडस्ट्री में कई एक्टर्स सलमान खान के फैन हैं और चुप स्टार दुलकर सलमान भी उनमें से एक हैं।
हाल ही में एक इंटरव्यू में 36 वर्षीय दुलकर सलमान ने खुलासा किया कि वो सलमान खान के हमेशा से बहुत बड़े फैन रहे हैं। उन्होंने इस इंटरव्यू में सलमान खान से जुड़ा एक मजेदार किस्सा भी शेयर किया। उन्होंने बताया कि सलमान खान की एक झलक पाने के लिए वो उनकी कार का पीछा तक करते थे।

दुलकर सलमान ने अपने चहेते स्टार के बारे में बात करते हुए कहा- 'एक्टर्स को देखना एक कॉलेज स्टूडेंट के तौर पर हमें बहुत एक्साइटेड कर देता था। मैं सलमान खान की कार का पीछा किया करता था। मैं उनका बहुत बड़ा फैन हूं। मुझे याद है उनकी कार का नंबर 2727 है। हम बस उनकी कार के पीछे ड्राइव करते रहते थे कि कब वह कार से उतरेंगे और हमें उन्हें देखने का एक मौका मिल जाएगा। लेकिन ऐसा कभी नहीं हुआ। मैंने उन्हें बस आगे की सीट पर बैठे ही देखा है। मैं आज तक उनसे नहीं मिला हूं।'
दुलकर सलमान को उम्मीद है कि उनकी जल्द ही सलमान खान से मुलाकात होगी। उनकी हाल ही में फिल्म 'चुप: रिवेंज ऑफ द आर्टिस्ट' रिलीज हुई है। इस फिल्म में उनकी अभिनय की काफी तारीफ भी हो रही है। उनके अलावा फिल्म में मुख्य कलाकार के तौर पर सनी देओल, पूजा भट्ट और धनवंतरी हैं।
बता दें कि, दुलकर सलमान की यह तीसरी बॉलीवुड फिल्म है। इसके पहले उन्होंने दिवंगत अभिनेता इरफान खान के साथ 'कारवां' और सोनम कपूर के साथ 'द जोया फैक्टर' में काम किया है। वहीं, सलमान खान भी जल्द ही तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री में चिरंजीवी की फिल्म 'गॉड फादर' से डेब्यू करेंगे।


Click it and Unblock the Notifications