अली फ़ज़ल ने ऋचा चड्ढा से चुपचाप कोर्ट में कर ली शादी? लिखा - बेग़म, डोरे डालने का लिखित हक है
अली फ़ज़ल और ऋचा चड्ढा, 2020 में शादी के बंधन में बंधने वाले थे लेकिन कोरोना ने इस प्लान पर पानी फेर दिया। लेकिन अब अली फ़ज़ल और रिचा चड्ढा की इंस्टाग्राम पर ताज़ा बातचीत फैन्स को इशारा दे रही है कि दोनों ने शायद कोर्ट में तो शादी कर ही ली है।
दरअसल, अली और ऋचा के बीच शायद किसी बात पर झगड़ा हुआ जिसके कारण ऋचा उनका फोन नहीं उठा रही थी। ऋचा को मनाने के लिए अली ने बड़ा प्यारा सा शायराना सा पोस्ट लिखा। साथ ही ऋचा को बेग़म कहा और ये भी बताया कि उनके पास ऋचा पर डोरे डालने का लाईसेंस है। उन्होंने लिखित हामी भरी है। जिसका मतलब अब फैन्स कोर्ट मैरिज से निकाल रहे हैं।

अली ने इस पोस्ट में लिखा - ऋचा चड्ढा टेलीफोन उठा लो बेगम। उसी पे है कि - फोन उठ जा सिम सिमा सिम फोन। शहर बदल जाते हैं, मसरूफियतें जकड़ लेती हैं, सफ़र मोहब्बत के मामलो में आपको और तैनात कर देता है। पेचीदे मामले हैं भैया और ये मुठभेड़ कायम रहे यही दुआ है लेकिन तुमसे बिन मतलब बात करने में जो लुत्फ उठाता हूं या जो आनंद मिलता है वो शायद ही कहीं मुमकिन है। शक्ल पर एक बेग़ैरतों वाला सुकून सा छा जाता है। हां कभी कभी अपने आप से गुफ्तगू छिड़ जाती है आईनों के दरमियां लेकिन वो narcissism है एक तरह का अपने आप में। उसपे चर्चा ना ही करें तो बेहतर है। शायद कभी राजनीति में उतरना पड़े तो काम आएगा। फिलहाल आप पे डोरे डालता रहूंगा, लिखित में दिए हैं। ओके गुडबाय। अबे फोन उठा।
फैन्स की इस आशंका को हवा दे दी, अली के इस पोस्ट पर ऋचा के जवाब ने। ऋचा ने कमेंट करते हुए लिखा - हाहाहाहा, फोन नहीं मिल रहा था याद है? अगर मैं तुमको प्यारे मियां बुलाउंगी तो लोगों को लगेगा कि मज़ाक कर रही हूं। लेकिन मज़ेदार मज़ाक होगा।
फैन्स ने भी उनकी ये बातचीत पढ़ने के बाद ऋचा चड्ढा को भाभी बुलाना शुरू कर दिया और उन्हें अली का फोन उठाने की गुज़ारिश की। अली और ऋचा की लव स्टोरी भी उनके इस पोस्ट की ही तरह बड़ी ही मज़ेदार है।

पहली मुलाकात सेट पर
अली और ऋचा की दोस्ती, फिल्म फुकरे के सेट पर हुई। लेकिन दोनों के बीच बस एक को स्टार होने के नाते बातचीत थी और ऋचा को अली काफी अजीब लगे थे। इसलिए उन्होंने ये दोस्ती कभी आगे बढ़ाने की नहीं सोची। वैसे भी ऋचा ने कभी भी किसी को स्टार या फिर एक्टर को डेट करने के बारे में नहीं सोचा था।

झूठ बोलकर हुई पहली डेट
एक बार अली ने ऋचा को कॉल किया और पूछा कि वो उनके घर के आस पास ही हैं, क्या वो उनके घर कॉफी पीने आ सकते हैं? ऋचा ने हां कर दी। लेकिन अली दूर दूर तक उनके घर के पास नहीं थे। अली अपने घर से निकले, कार में बैठे और ऋचा से मिलने उनके घर पहुंच गए।

तीन महीने में मिला I Love You का जवाब
अली और ऋचा में दोस्ती काफी अच्छी हो गई थी। कारण था फिल्में। दोनों को एक ही जैसी फिल्मों में दिलचस्पी थी और दोनों अक्सर साथ में फिल्म देखते थे। ऋचा ने पहले अली को बताया कि वो उनसे प्यार करती हूं। लेकिन अली ने इस I Love You को दोस्ताना समझ कर कोई जवाब नहीं दिया। जवाब देने में उन्हें तीन महीने लगे।

प्रपोज़ करके सो गए अली
अली ने ऋचा को 2019 में प्रपोज़ किया था। मौका था ऋचा के जन्मदिन का। अली और ऋचा, मालदीव्स में छुट्टियां मना रहे थे। अली ने एक आईलैंड पर डिनर प्लान किया था और ऋचा को बिल्कुल अंदाज़ा नहीं था कि वो क्या करने वाले हैं। खाना खाते खाते अली ने ऋचा से शादी के बारे में पूछा। ऋचा की हां सुनते ही वो सो गए। अली इस प्रपोज़ल को लेकर काफी टेंशन में थे।

दोस्ती से मोहब्बत तक का सफ़रनामा
ऋचा से मिलने से पहले तक अली कभी छुट्टियों पर नहीं जाते थे क्योंकि उन्हें लगता था कि आउटडोर शूटिंग तो वो करते ही हैं, घूमने की क्या ज़रूरत। लेकिन ऋचा से मिलने के बाद उन्हें सफर पे जाने का असली मतलब समझ आया। उन्होंने ऋचा के साथ घूमना शुरू किया और समझ पाए कि काम से आराम लेना कितना ज़रूरी है।

इसलिए पसंद हैं ऋचा
अली फ़ज़ल ने एक इंटरव्यू में बताया कि ऋचा सोचती है कि वो बहुत clumsy और इसलिए मैं उससे प्यार करता हूं। हालांकि, ये भी कारण है कि ये मुझे पसंद है। ये इतनी ज़्यादा अनाड़ी है कि वेनिस में एक इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के बाद डिनर के दौरान अपनी प्लेट से खाना गिरा चुकी है।

अल्हड़ सी ऋचा
अली ये भी बताते हैं कि ऋचा काफी अनाड़ी हैं। अगर ऋचा खाना खा रही हैं तो चम्मच या कुछ और ज़रूर गिरेगा, ग्लास से पानी या वाईन ज़रूर गिरेगी। और खाना भी प्लेट से ज़्यादा टेबल पर दिखाई दे जाएगा। लेकिन अली को ऋचा का ये अल्हड़पन काफी पसंद है।

छप चुके थे शादी के कार्ड
अली फ़ज़ल और ऋचा चड्ढा अप्रैल 2020 में शादी करने वाले थे लेकिन कोरोना वायरस के चलते ये शादी 2021 तक टाल दी गई थी। दोनों ने कंफर्म किया था चूंकि हर दिन केस बढ़ रहे हैं, नई तारीख बता पाना काफी मुश्किल है। हालांकि दोनों अपनी शादी का कार्ड छपवा चुके थे।

साथ में लिव इन
अली फ़ज़ल और ऋचा चड्ढा ने शादी पोस्टपोन करने के बाद साथ ही रहने का फैसला किया। लॉकडाउन के दौरान, अली ऋचा से दूर नहीं रह पा रहे थे और कई बार उनके मन में आया कि पुलिस से परमिशन लेकर ऋचा से मिलने पहुंच जाए।

पहला वेडिंग फोटोशूट
अली फ़ज़ल और ऋचा चड्ढा ने एक मैगज़ीन के साथ अपना वेडिंग फोटोशूट भी करवाया था जो उनकी शादी के बाद रिलीज़ होना था। लेकिन शादी टल गई पर उनका ये फोटोशूट फैन्स को बेहद पसंद आया। इस कपल के मज़ेदार पोस्ट फैन्स का दिल जीत लेते हैं।


Click it and Unblock the Notifications

