करण जौहर की अगली फिल्म लव ट्राएंगल: जया बच्चन - शबाना आज़मी से रोमांस करेंगे धर्मेंद्र
करण जौहर 6 जुलाई को अपनी अगली फिल्म अनाउंस करने जा रहे हैं जिसमें रणवीर सिंह और आलिया भट्ट मुख्य किरदार में दिखाई देंगे और अब खबर है कि फिल्म में धर्मेंद्र, शबाना आज़मी और जया बच्चन भी मुख्य भूमिका में दिखाई देंगे।
रिपोर्ट्स की मानें तो करण जौहर की ये फिल्म हल्की फुल्की सी लेकिन एक परिपक्व लव स्टोरी होगी। फिल्म में धर्मेंद्र, शबाना आज़मी और जया बच्चन से रोमांस करते दिखाई देंगे।

ये तीन सुपरस्टार्स, फिल्म के मुख्य पात्र रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की प्रेम कहानी को आगे बढ़ाएंगे। एक वेब पोर्टल से बातचीत में धर्मेंद्र इस बात की पुष्टि कर चुके हैं कि वो करण जौहर की अगली फिल्म में दिखाई देने वाले हैं।
गौरतलब है कि करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शन्स के पास इस समय प्रोजेक्ट्स की भरमार है लेकिन करण जौहर खुद काफी समय से डायरेक्शन से दूर बाकी चीज़ों पर अपना ध्यान फोकस कर रहे थे।

बढ़ा रहे थे बिज़नेस
करण जौहर ने पिछले कुछ सालों में धर्मा प्रोडक्शन्स को नई ऊंचाईयों पर पहुंचाया है। जहां धर्माटिक इंटरटेनमेंट के साथ वो डिजिटल दुनिया में कदम रख चुके हैं वहीं धर्मा कॉर्नरस्टोन एजेंसी के साथ वो नए टैलेंट को मौका देने के लिए प्रयासरत हैं। इसके अलावा धर्मा 2.0 के साथ करण जौहर ने धर्मा प्रोडक्शन्स का नया लोगो भी लॉन्च किया था।

जया बच्चन की वापसी
जया बच्चन, 14 सालों बाद बड़े परदे पर मुख्य किरदार के रूप में वापसी कर रही हैं। वो आखिरी बार 2007 में यशराज फिल्म्स की लागा चुनरी में दाग नाम की फिल्म में रानी मुखर्जी और कोंकणा सेन शर्मा की मां के किरदार में दिखाई दी थीं। हालांकि आर बाल्कि की फिल्म की एंड का में वो अमिताभ बच्चन के साथ एक कैमियो में दिखाई दी थीं।

साथ में किया है काम
हालांकि, करण जौहर के साथ जया बच्चन इससे पहले कल हो ना हो और कभी खुशी कभी ग़म में काम कर चुकी हैं। वहीं आलिया ने अपने करियर की शुरूआत ही करण जौहर के साथ की थी तो रणवीर और करण की साथ में ये पहली फिल्म होगी।

तख्त से करनी थी वापसी
करण जौहर यूं तो तख्त से अपनी वापसी करने वाले थे लेकिन लॉकडाउन के चलते वो फिल्म अटक गई। तख्त एक भव्य स्तर की फिल्म है और इसके लिए करण जौहर को लंबे और बहुत ही बड़े स्तर के सेट और प्लान की ज़रूरत थी जो फिलहाल कोरोना काल में असंभव था। ऐसे में करण जौहर अपनी लव स्टोरी के साथ वापसी करने को तैयार हो गए।

फिटनेस पर ध्यान दे रहे धर्मेंद्र
हाल ही में धर्मेंद्र अपने फार्महाउस पर अपनी फिटनेस पर काफी ध्यान देते हुए नज़र आए। जहां एक तरफ वो ऑर्गेनिक खेती कर रहे हैं वहीं दूसरी तरफ वो अपने स्विमिंग पूल में वॉटर एरोबिक्स करते नज़र आए। धर्मेंद्र का किरदार फिल्म में कैसा होगा, इसके बारे में फिलहाल किसी के पास ज़्यादा जानकारी नहीं है।

आने वाली फिल्म
जहां धर्मेंद्र आखिरी बार परदे पर यमला पगला दीवाना के सीक्वल में सनी देओल और बॉबी देओल के साथ दिखाई दिए थे वहीं खबरें हैं कि अनिल शर्मा की फिल्म अपने 2 में वो अपने पोते करण देओल के साथ दिखाई देंगे। यही कारण है कि धर्मेंद्र फिल्मों में एक और पारी खेलने के लिए खुद को तैयार कर रहे हैं।

साथ किया है काम
बात करें धर्मेंद्र और जया बच्चन की तो दोनों कुछ फिल्मों में साथ रोमांस कर चुके हैं तो कई मल्टीस्टारर फिल्मों में एक साथ नज़र आ चुके हैं जिनमें शोले और चुपके चुपके प्रमुख हैं। वहीं एक नन्हीं सी गुड्डी को सुपरस्टार धर्मेंद्र पर फिदा होते देखना तो सबको याद ही होगा।

नहीं दिख पाई फिल्म
धर्मेंद्र और शबाना आज़मी ने भी बिच्छू नाम की फिल्म में रोमांस किया था लेकिन ये फिल्म परदे पर नहीं आ पाई। अब उम्र के इस पड़ाव में इन दो शानदार एक्टर्स को साथ में देखना काफी दिलचस्प होगा। शबाना आज़मी अपने करियर में कई प्रेम त्रिकोण का हिस्सा रह चुकी हैं।

करण जौहर की गिनवा चुकी हैं ग़लतियां
शबाना आज़मी काफी लंबे समय से परदे से गायब हैं। उनका आखिरी दमदार किरदार, 2016 में नीरजा में दिखाई दिया था। इसके बाद से उन्होंने परदे से दूरी बना ली। हालांकि 2017 में वो चॉक एंड डस्टर नाम की फिल्म में दिखाई दी थीं। दिलचस्प है कि शबाना आज़मी उन लोगों में शामिल हैं जिन्होंने कुछ कुछ होता है देखने के बाद करण जौहर को फोन कर उन्हें फिल्म की ग़लतियां गिनाई थीं।

पांच साल बाद वापसी
करण जौहर ने आखिरी बार 2016 में निर्देशन की कमान संभाली थी रणबीर कपूर, अनुष्का शर्मा और ऐश्वर्या राय बच्चन स्टारर ऐ दिल है मुश्किल के साथ। अब करण जौहर पांच साल बाद डायरेक्टर के तौर पर वापसी करने जा रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications