दीपिका को फिल्म'ओम शांति ओम'मिलने का राज़
किसी को अपनी पर्सनैलिटी के आधार पर मौका मिल सकता है, तो किसी को टैलेंट के कारण. किसी को इस वजह से भी फायदा मिल जाता है कि वह किसी अन्य से मेल खाता है, कामयाबी कैसे किसी के हाथ लग जाए कुछ नहीं कहा जा सकता.फरहा खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'ओम शांति ओम" की अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ है. दीपिका को अभिनेता शाहरुख खान के साथ लीड रोल करने का मौका जो मिल गया है.
फिल्म की निर्देशक फरहा ने एक साक्षात्कार में कहा कि दीपिका के पास 1970 की अभिनेत्रियों जैसा लुक है और दीपिका का शारीरिक गठन भी ठीक वैसा ही है. वह बिल्कुल वैसी ही दिखती हैं, जैसी कि उस वक्त बनी फिल्म 'हमजोली" में अभिनेत्री लीला चंद्रावरकर दिखती थीं. यही वजह है कि फरहा ने अपनी फिल्म के लिए दीपिका का चुनाव किया, क्योंकि उनकी कहानी को मध्यांतर से पहले ऐसे ही लुक वाली अभिनेत्री की जरूरत थी.
कुल मिलाकर दीपिका के लिए उनका लुक लकी साबित हुआ और वे खुद भी इसे स्वर्णिम मौका मान रही हैं, क्योंकि शाहरुख जैसे मंजे हुए अभिनेता के साथ यदि दीपिका के काम को लोगों ने पसंद कर लिया, तो उनकी चांदी ही चांदी हो जाएगी. इससे दीपिका के कैरियर को भी एक मजबूत सहारा मिलेगा.


Click it and Unblock the Notifications