संजू के जेल जाने से फिर सूना हुआ बॉलीवुड
मंगलवार, 23 अक्टूबरः ज़मानत पर छूटे संजय दत्त वापस जेल की सलाखों के पीछे पहुंच गए, इससे बालीवुड में फिर से मायूसी छा गई. संजय दत्त को कोर्ट ने छह साल की सजा सुनाई है, वे तीन माह जेल में रहने के बाद जमानत पर छूटे थे. जेल से बाहर रहने के दौरान संजू ने एक-एक पल को कीमती समझकर जिया और इस दौरान काफी पूजा-पाठ भी की.
संजू के एक बार फिर जेल जाने पर सभी को बेहद अफसोस हो रहा है. सलमान खान जो कि संजू के काफी करीबी मित्र हैं, उन्होंन कहा कि जेल के अंदर संजू की हालत क्या होती होगी, इसे वह अच्छी तरह समझ सकते है. वे भी स्वयं कुछ दिन तक जेल में रहे हैं वहां की जिंदगी बड़ी पीड़ादायक होती है. ईश्वर संजू को इस पीड़ा को सहने की ताकत दे.
संजू के वापस जेल जाने से सबसे ज्यादा दुख उनकी गर्लफ्रेंड मान्यता को हुआ है. वह संजू को सजा सुनाए जाने के बावजूद उसका साथ निभा रही है. हालांकि संजू ने घोषित रुप से मान्यता के साथ विवाह की बात स्वीकार नही की है लेकिन बताया जाता है कि दोनों विवाह कर चुके हैं.
संजू के पार्टनर और मित्र संजय गुप्ता ने कहा कि उनकी जिस फिल्म में संजू हैं, उसे वे उसकी सजा पूरी होने के बाद बनाना शुरु करेंगे. महेश भट्ट ने कहा कि संजू की सजा से सभी आहत हैं और यह सच है कि संजू अपनी नादानी के कारण फंस गया है, लेकिन कानून की अपनी विवशता होती है. उन्हें उम्मीद है कि संजू हिम्मत से काम लेंगे और सजा पूरी होने के बाद एक सामान्य जिंदगी जी सकेंगे.
धक-धक गर्ल और संजू की पूर्व गर्लफ्रेंड माधुरी दीक्षित भी संजू के जेल जाने से बेहद दुखी है. उसने कहा कि संजू ने अपनी जिंदगी में काफी उतार चढ़ाव देखे हैं. वह हथियारों के मामले में पहले से ही काफी मुसीबते उठा चुका है. उसे उम्मीद है कि संजू सजा पूरी करने के बाद फिर किसी नई मुसीबत में नही फंसेगे. ज्ञात हो कि संजू और माधुरी का किसी जमाने में गहरा रोमांस चला था और संजू के टाडा मामले में फंसने के बाद माधुरी ने संजू से किनारा कर लिया था. इसके बाद उनका रिया पिल्लई नाम की मॉडल से भी अफेयर चला, इसके बाद संजू और रिया ने विवाह कर लिया, लेकिन यह विवाह भी ज्यादा समय तक नही टिका और दोनो अलग हो गए.


Click it and Unblock the Notifications