बीमार लोगों के बीच फंस गया था: कमाल खान

कलर्स टेलीविजन चैनल पर प्रसारित किए जा रहे रिएलिटी शो 'बिग बॉस' के 18वें दिन अपने आक्रामक व्यवहार और कार्यक्रम के नियम तोड़ने के कारण घर से निकाले गए भोजपुरी निर्माता-अभिनेता कमाल राशिद खान का कहना है कि वह 'बिग बॉस' के घर में 10 बीमार लोगों के साथ फंस गए थे।
कमाल को बाहर जाने के लिए नामांकित किया गया था लेकिन शुक्रवार को इस संबंध में पब्लिक वोंटिंग के जरिए कोई फैसला आता, उससे पहले ही उन्हें 'बिग बॉस' ने बाहर जाने का हुक्म सुना दिया। इससे पहले कमाल की रोहित और हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव के साथ जमकर कहासुनी हुई थी। उसके बाद से ही कमाल का बाहर जाना तय माना जा रहा था।
कमाल पर अपने साथियों को गाली देने और शो के पहले दिन से ही असामान्य व्यवहार करने का आरोप लगा है लेकिन इस अभिनेता को इससे कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। कमाल इस रिएलिटी शो को अपने लिए अच्छे अनुभव वाला करार देते हैं।
मुंबई से फोन पर बातचीत के दौरान कमाल कहते हैं, "मेरे लिए यह बहुत अच्छा अनुभव रहा। यह अलग बात है कि वहां मुझे जेल जैसा खाना मिलता था और बाहरी दुनिया से कोई संपर्क नहीं रह गया था लेकिन इसके बावजूद मैंने वहां अच्छा समय बिताया। मैं 10 बीमार लोगों के बीच रहकर भी अच्छा महसूस कर रहा हूं।"
अपने साथियों को 'बीमार' की संज्ञा दिए जाने के बारे में पूछे जाने पर कमाल ने कहा, "मेरे सिवाय वहां सभी बीमार ही तो थे। मेरे अलावा इस्माइल दरबार और बिंदु दारा सिंह को छोड़कर सभी को स्वास्थ्य संबंधी कोई न कोई समस्या थी। कोई चीनी नहीं खा सकता था तो कोई नमक के साथ समझौता करता था। ऐसे लोगों को बीमार नहीं कहेंगे तो फिर क्या कहेंगे।"


Click it and Unblock the Notifications