'सिंह' के लिये अमीषा पटेल ने छोड़ दी फिल्म 'सिंह साहब द ग्रेट'
मुंबई। काफी मशक्कत के बाद बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल को एक फिल्म मिली और उन्होंने उसे भी छोड़ दिया। खास बात यह है कि अमीषा पटेल ने उस डायरेक्टर की फिल्म को ना किया है जिसने उन्हें इंडस्ट्री में एक पहचान दिलाई थी। जी हां हम बात कर रहे हैं अनिल शर्मा की फिल्म 'सिंह साहब द ग्रेट' की। अब यह कहना कहा तक उचित होगा मगर चर्चाएं तो यहीं हैं कि सिंह (मनमोहन सिंह) का साथ मिलने के बाद अमीषा पटेल ने 'सिंह साहब द ग्रेट' छोड़ दिया है।
आगे की बात करने से पहले आपको बता दें कि मौजूदा समय में अभिनेत्री अमीषा पटेल गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की प्रचारक बनी हैं और मनमोहन सिंह का गुण गा रही हैं। अमीषा पटेल को कांग्रेस ने पटेल समाज को रिझाने के लिये चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं अमीषा पटेल में फिल्म 'सिंह साहब द ग्रेट' को छोड़ने के पीछे की वजह शूटिंग कार्यक्रम में बार-बार बदलाव बताया है।

अमीषा पटेल ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा है कि नमस्कार दोस्तों, यह बिल्कुल सच है मैंने शूटिंग कार्यक्रम में बार-बार बदलाव की वजह से 'सिंह साहब द ग्रेट' छोड़ दी है। अनिल शर्मा को मेरी शुभकामनाएं। उल्लेखनीय है कि फिल्म में अमीषा की जोड़ी सन्नी देओल के साथ बनाई गई थी। इससे पहले दोनों कलाकार वर्ष 2001 में आई 'गदर: एक प्रेम कथा' में एक साथ काम कर चुके हैं।
अमीषा ने कहा कि उम्मीद है कि अनिल 'गदर' जैसी एक और हिट फिल्म बनाएंगे। दुर्भाग्य से मैं इस फिल्म का हिस्सा नहीं हूं। 'सिंह साहब द ग्रेट' में अमृता राव भी नजर आएंगी। वर्तमान में अमीषा के खाते में तीन नई फिल्में 'रेस 2', 'शोर्टकट रोमियो' और 'भैइया जी सुपरहिट' हैं।


Click it and Unblock the Notifications