अक्षय कुमार के पिछली 3 फिल्मों के कुल कलेक्शन से भी ज्यादा में बिकी 'कटपुतली', भारी भरकम डील?
अक्षय कुमार स्टारर फिल्म 'कटपुतली' 2 सितंबर को ओटीटी प्लेटफॉर्म डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज होने वाली है। पिछले दिनों रिलीज हुए ट्रेलर के साथ ही फिल्म काफी चर्चा में आ चुकी है। जहां लोगों को फिल्म का कंटेंट आकर्षित कर रहा है, वहीं सभी हैरान भी हैं कि इसे सीधे ओटीटी पर क्यों लाया जा रहा है। फिल्म में अक्षय एक पुलिस अफसर के किरदार में नजर आ रहे हैं और एक सीरियल किलर की तलाश में हैं।
हाल ही में फिल्म से जुड़ी एक खबर काफी चर्चा में है कि इसके राइट्स को काफी भारी भरकम दाम में बेचा गया है। कई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि निर्माताओं ने ओटीटी प्लेटफॉर्म डिज़नी + हॉटस्टार के साथ एक सौदा किया है, जहां पहले अक्षय की 'लक्ष्मी' और 'अतरंगी रे' जैसी फ़िल्में भी रिलीज़ कर चुकी है।

बताया जा रहा है कि स्टार नेटवर्क ने कटपुतली को 180 करोड़ रुपए में खरीदा है। कटपुतली के डिजिटल राइट्स 135 करोड़ रुपए में बिके हैं। वहीं सैटेलाइट और म्यूजिक राइट को 45 करोड़ मिले हैं।
खास बात है कि अक्षय कुमार की पिछले तीन फिल्मों का कुल कलेक्शन भी इतना नहीं रहा है, जितनी में ये एक फिल्म खरीदी गई है। अक्षय की पिछले तीन फिल्में- बच्चन पांडे, सम्राट पृथ्वीराज और रक्षाबंधन फ्लॉप रही थी। अब जबकि कटपुतली ओटीटी पर आ रही है, देखना दिलचस्प होगा कि दर्शक इस फिल्म को कैसी प्रतिक्रिया देते हैं।
रंजीत एम तिवारी के निर्देशन में बनी 'कठपुतली', सुपरहिट तमिल फिल्म 'रत्सासन' की हिंदी रीमेक है। ये एक साइको किलर की कहानी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो युवा लड़कियों को अपना शिकार बनाता है और बार-बार पुलिस की गिरफ्त से बच निकलता है। रंजीत तिवारी और अक्षय कुमार की जोड़ी ने इससे पहले 'बेल बॉटम' दी थी।
रत्सासन की बात करें तो यह एक साइकोलॉजिकल क्राइम थ्रिलर फिल्म है। राम कुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में विष्णु विशाल और अमाला पॉल ने मुख्य किरदार निभाया था। 2018 में रिलीज इस फिल्म का तेलुगु रीमेक भी बनाया गया था।


Click it and Unblock the Notifications












