अक्षय कुमार और दीपिका पादुकोण धूम 4 के सुपरविलेन, लेंगे सलमान से टक्कर - एक्टर ने दिया जवाब
काफी समय से गपशप गली में चर्चा है कि यशराज फिल्म्स के लिए पृथ्वीराज करने के बाद अक्षय कुमार, धूम 4 के नए विलेन होंगे। इतना ही नहीं, उनका साथ देंगी दीपिका पादुकोण। वहीं फिल्म के हीरो होंगे सलमान खान। ये अफवाहें तब शुरू हुई जब एक अनाम ट्वीट ने कहा कि ये खबर बिल्कुल पक्की है।
अब ट्वीट अनाम था लेकिन फैन्स की भावनाएं तो सच्ची ही थीं। तुरंत ही फैन्स ने धूम 4 के पोस्टर अक्षय और दीपिका के साथ बनाने शुरू कर दिए। लेकिन अब अक्षय कुमार ने एक पब्लिकेशन से बातचीत में साफ कहा कि ये खबरें केवल अफवाह हैं। इनमें कोई सच्चाई नहीं है।

इतना ही नहीं अफवाहें ये भी थीं कि फिल्म में अक्षय कुमार केवल एक विलेन बनेंगे। बिना किसी पॉज़िटिव एंगल के। उनसे किसी को कोई सहानुभूति नहीं होगी। गौरतलब है कि पिछली धूम फिल्मों में विलेन ही हीरो होता है और फिल्म खत्म होते होते सबको उस विलेन से सहानुभूति हो जाती है।
धूम सीरीज़ की आखिरी फिल्म आठ साल पहले आई थी। आमिर खान की धूम 3 ने भले ही बॉक्स ऑफिस पर करोड़ों कमाए लेकिन कहानी के तौर पर किसी को पसंद नहीं आई थी। तब से दर्शक धूम 4 का इंतज़ार कर रहे हैं। इस बीच फिल्म के बारे में ढेर सारी अफवाहें उड़ चुकी हैं। हम आपको ये अफवाहें बता देते हैं और साथ ही ये पुष्टि कर देते हैं कि इनमें से किसी पर भी यकीन करने की ज़रूरत नहीं है।

अफवाह 1 - विलेन सलमान खान
इससे पहले खबर थी कि जॉन अब्राहम, ऋतिक रोशन और आमिर खान के बाद, इस बार धूम 4 के विेलेन होंगे सलमान खान। लेकिन जब सलमान विलेन हैं तो अच्छे विलेन ही होंगे। बींग ह्यूमन वाले! हालांकि सलमान खान कभी निगेटिव किरदार करने की हामी नहीं भरेंगे। और बस वहीं ये फिल्म अटक गई थी।

अफवाह 2 - डॉन शाहरूख खान
माना जा रहा था कि शाहरूख ने खुद ये सलाह दी है कि उनके डॉन कैरेक्टर को फिल्म में शामिल किया जाए। यानि कि धूम 4, डॉन और धूम का स्पिन ऑफ हो सकती थी। हॉलीवुड फिल्मों की तरह। अगर डॉन प्रोड्यूसर, फरहान अख्तर मानते तो!

अफवाह 3 - अभिषेक बच्चन का रिप्लेसमेंट रणवीर सिंह
इस बार की पुलिस अभिषेक बच्चन जैसी ढीली नहीं होगी जो मुंबई में एक चोर को नहीं पकड़ पा रहे हैं और फिर उसे पकड़ने के लिए इंटरनेशनल पुलिस तक उन्हें मुंबई से बुलाती है। माना जा रहा था, कि अभिषेक बच्चन को इस बार रणवीर सिंह रिप्लेस कर रहे हैं।

शाहरूख - सलमान होंगे लीड
फिर अफवाहें आईं कि फिल्म के लीड शाहरूख खान ही होंगे। फैन के बाद उन्हें एक सुपरहिट फिल्म की अदद ज़रूरत है और उनकी मदद के लिए आदित्य चोपड़ा जुट गए थे। वैसे भी फैन के पहले शाहरूख की आखिरी दो फिल्म - दिलवाले और हैप्पी न्यू ईयर भी लोगों को कुछ खास पसंद नहीं आई थी। इसी फिल्म से शाहरूख खान का धमाकेदार कमबैक होना था।

विलेन नहीं हीरो
अफवाहें ये भी उड़ीं कि फिल्म में शाहरूख - सलमान फिल्म के हीरो होंगे और पूरी तरह से विलेन नहीं। हालांकि धूम सीरीज़ की हर फिल्म का हीरो उसका विलेन ही होता है। चाहे वो जॉन अब्राहम हो, ऋतिक रोशन या फिर आमिर खान।

परिणीति और वाणी को अप्रोच
फिल्म में हीरोइन के लिए रोल के लिए वाणी कपूर और परिणीति चोपड़ा को अप्रोच किया गया था ऐसी भी खबरें उड़ी थीं। अब फिल्म से दीपिका पादुकोण का नाम जोड़ा जा रहा है। अब अगर फिल्म बनेगी तो देखना दिलचस्प होगा कि फिल्म की हीरोइन कौन होती है।

नो उदय चोपड़ा
माना जा रहा है कि फिल्म में इस साल उदय चोपड़ा भी नहीं रहेंगे। अब उनकी जगह किसी को लिया जाता है या फिर उनका रोल खाली छोड़ दिया जाएगा ये देखने वाली बात होगी।

ढेरों लोगों के साथ जुड़ा नाम
फिल्म इस साल के अंत तक फ्लोर पर जाएगी। तब तक फिल्म स्क्रिप्टिंग स्टेज में ही रहेगी। ऐसे में फिल्म में अभी कितने बदलाव किये जाएंगे पता नहीं वैसे भी फिल्म से अमिताभ बच्चन, प्रभास, ऋतिक रोशन, ऐश्वर्या राय सबका नाम जुड़ चुका है।

बड़ी होगी स्टारकास्ट
हां, खबरें ऐसी ज़रूर है कि आदित्य चोपड़ा पूरी कोशिश कर रहे हैं कि धूम 4 की स्टारकास्ट को इस बार और बड़ा बनाया जाए। और ये अनाउंसमेंट इसी साल, यशराज फिल्म्स के 50 साल के जश्न पर होना था। लेकिन फिलहाल ये जश्न और धूम 4 दोनों ही होते नहीं दिख रहे।

फ्रेंचाईज़ी के ढेरों फैन्स
गौरतलब है कि धूम 4, हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की पहली सफल फिल्म फ्रेंचाईज़ी है। एक्शन से लेकर थ्रिलर और सस्पेंस फिल्मों के फैन्स इन फिल्मों की सीरीज़ को बेहद पसंद करते हैं। वहीं धूम 3, भारत की सबसे ज़्यादा कमाने वाली फिल्मों में भी शामिल थी। फैन्स को इंतज़ार है कि धूम 4 का एलान कब होता है और किसके हाथ ये फिल्म लगती है।


Click it and Unblock the Notifications
