राउडी अक्षय संग कैटरीना एक बार फिर सिल्वर स्क्रीन पर
नमस्ते लंदन, सिंह इज किंग और तीस मार खान की हिट जोड़ी जल्द ही एक बार फिर सिल्वर स्क्रीन पर नज़र आएगी। खबरों के मुताबिक ए. आर मुरगोडोस ने अपनी अगली फिल्म में अक्षय कुमार को साइन किया है और अब कैटरीना कैफ के साथ भी फिल्म करने के लिए बात चल रही है।

ए.आर मुरगाडोस एक तमिलियन हैं और निर्देशन से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद अब प्रोड्यूसर बने हैं। ए.आर मुरगाडोस ने फिल्म गजनी से बॉलीवुड में एंट्री की थी। गजनी की सफलता के बाद मुरगाडोस की यह दूसरा बॉलीवुड प्रोजेक्ट होगा। गजनी में आमिर खान और आसिन की जोड़ी ने काफी कमाल दिखाया।
इस समय कैटरीना यशराज बैनर तले बन रही दो फिल्मों एक था टाईगर और ये कहां आ गए हम की शूटिंग में व्यस्त हैं। जहां एक ओर एक था टाईगर में सलमान खान के साथ कैटरीना ने जोड़ी बनाई है वहीं दूसरी तरफ ये कहां आ गए हम में बॉलीवुड के किंग खान के साथ कैट इश्क फरमाती नज़र आएंगी।
देखना है कि कैटरीना कैफ और अक्षय कुमार के बीच की हिट कैमिस्ट्री के साथ मुरगाडॉस दर्शकों को क्या नया परोसेंगे। सूत्रों के अनुसार कैट ने इस फिल्म के लिए अपनी हां भी दे दी है। फिल्हाल यह कहना गलत ना होगा कि कैटरीना और अक्षय की जोड़ी को अपनी फिल्म में लेकर मुरगाडॉस भी एक सेफ गेम खेलने की कोशिश में हैं।


Click it and Unblock the Notifications











