ऐश्वर्या राय बच्चन को ऑफर हुई शाहरूख खान की जवान, पत्नी का रोल कर दिया रिजेक्ट
शाहरूख खान की जवान की शूटिंग तेज़ी से चल रही है। रिपोर्ट्स की मानें तो इस फिल्म के लिए डायरेक्टर एटली ने ऐश्वर्या राय बच्चन को शाहरूख खान की पत्नी के रोल के लिए अप्रोच किया था। लेकिन ऐश्वर्या राय बच्चन ने ये ऑफर रिजेक्ट कर दिया।
गौरतलब है कि जवान में शाहरूख खान डबल रोल में हैं। पिता भी और बेटे भी। पीपिंग मून की एक एक्सक्लूसिव रिपोर्ट की मानें तो फिल्म में ऐश्वर्या राय बच्चन को पिता शाहरूख खान की पत्नी के किरदार के लिए ऐश्वर्या राय को अप्रोच किया गया जबकि बेटे शाहरूख खान के किरदार के साथ नयनतारा रोमांस करेंगी।

इस रिपोर्ट की मानें तो ऐश्वर्या राय बच्च्न और शाहरूख खान के ज़्यादातर सीन फ्लैशबैक में थे। ये रोल काफी छोटा था और ऐश्वर्या राय बच्चन शाहरूख खान के साथ इतना छोटा रोल नहीं करना चाहती थीं। वो चाहती हैं कि शाहरूख खान के साथ वो कोई बड़ा प्रोजेक्ट करें जहां वो शाहरूख खान के अपोज़िट एक मज़बूत किरदार में दिखाई दें।
गौरतलब है कि ऐ दिल है मुश्किल में ऐश्वर्या राय बच्चन और शाहरूख खान को साथ देखकर फैन्स काफी खुश थे। इस फिल्म के बाद ऐश्वर्या राय बच्चन को शाहरूख खान की तीन फिल्में ऑफर हुईं लेकिन ऐश्वर्या ने हर प्रोजेक्ट रिजेक्ट कर दिया। इसका कारण उनका इतिहास बताया जा रहा था।

इतिहास की सबसे लंबी कोल्ड वॉर
गौरतलब है कि ऐश्वर्या राय बच्चन और शाहरूख खान के बीच की कोल्ड वॉर इतिहास की सबसे लंबी कोल्ड वॉर रही है और इसका कारण थे सलमान खान। ऐश्वर्या राय, शाहरूख खान के साथ चलते चलते की शूटिंग कर रही थीं। उसी दौरान उनके और सलमान खान के रिश्ते खराब होने लगे थे। दोनों के बीच अनबन इतनी बढ़ गई कि ऐश्वर्या राय ने सलमान खान का फोन उठाना बंद कर दिया। एक दिन सलमान खान, चलते चलते के सेट पर आए और खूब तोड़ फोड़ और तमाशा किया। किसी तरह समझा बुझाकर उन्हें वापस लौटाया गया।

ऐश्वर्या राय को कर दिया गया रिप्लेस
लेकिन शाहरूख खान, जो कि ऐश्वर्या राय के भी दोस्त थे, उन्होंने सलमान खान का साथ देना बेहतर समझा। चूंकि शाहरूख खान अपनी फिल्म में कोई अड़चन नहीं चाहते थे, उन्होंने ऐश्वर्या राय को रातों रात अपनी फिल्म से रिप्लेस कर दिया और रानी मुखर्जी ने इस फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी। ऐश्वर्या राय को इस बारे में बताया भी नहीं गया कि उन्हें फिल्म से बाहर कर दिया गया है और अब वो इस फिल्म का हिस्सा नहीं हैं। इस बात से ऐश्वर्या राय को काफी चोट पहुंची।

शाहरूख ने चुन ली दोस्ती
शाहरूख खान ने अपने दोस्त और भाई सलमान खान की दोस्ती चुनी वहीं ऐश्वर्या राय की बेस्ट फ्रेंड रानी मुखर्जी ने भी शाहरूख खान और सलमान खान की दोस्ती चुनी। इस बात से ऐश्वर्या राय को काफी चोट पहुंची। हालांकि, ये वाकया 2003 का है। 2008 में शाहरूख और सलमान के रिश्ते में भी दरार पड़ गई। रिपोर्ट्स की मानें तो एक पार्टी के दौरान, शाहरूख खान ने ऐश्वर्या के लिए कुछ ऐसा बोला जो सलमान सुन नहीं पाए। उन्होंने शाहरूख को रोकने की कोशिश की लेकिन नशे में शाहरूख अपनी ज़ुबान नहीं संभाल पाए और सलमान अपना आपा, उन्होंने शाहरूख खान से हाथापाई की और इसके बाद दोनों दोस्तों में सालों तक बात नहीं हुई।

माफ किया पर भूली नहीं
एक इंटरव्यू में ऐश्वर्या राय बच्चन ने दिल खोलकर हर बारे में बात की। उनकी पर्सनल लाइफ से लेकर उनकी प्रोफेशनल लाइफ तक पर। बॉलीवुड के पुराने पन्ने पलटे जाएं तो सबसे कंट्रोवर्शियल बातें सलमान खान और ऐश्वर्या राय के रिलेशनशिप से निकलकर आती हैं। जब तक दोनों बॉलीवुड के पावर कपल थे सब बढ़िया था लेकिन इनके ब्रेकअप ने बहुत लोगों की मुश्किल बढ़ा दी थी। अपने पुराने इंटरव्यू में ऐश्वर्या ने कहा था कि मैं माफी भले ही दे दूं पर मैं कुछ भी भूलती नहीं हूं।

सारे दोस्तों ने छोड़ा था साथ
उस दौरान बॉलीवुड में सलमान, शाहरूख, प्रीती ,रानी, करण, फराह, ऐश सबका एक ग्रुप था। लेकिन सलमान खान - ऐश्वर्या राय के ब्रेकअप के बाद अचानक से ही सबके सामने एक ही मुश्किल थी, अपना साइड चुनना। और सबका साइड ज़ाहिर था - सलमान! इस बात से ऐश्वर्या राय को बहुत चोट भी लगी और उनका काफी नुकसान भी हुआ। काफी समय तक उन्होंने बॉलीवुड में दोस्त बनाए ही नहीं।

पांच फिल्मों से करवाया रिप्लेस
ऐश्वर्या राय ने साफ साफ सिमी ग्रेवाल के इंटरव्यू में कहा भी कि शाहरूख ने उस वक्त उन्हें पांच फिल्मों से रिप्लेस करवाया था और उन्होंने ऐसी उम्मीद ही नहीं की थी। ये फिल्में थीं चलते चलते जिसे रानी मुखर्जी ने पूरा किया, वीर ज़ारा, मैं हूं ना, कल हो ना हो और मुन्नाभाई एमबीबीएस जिसे शाहरूख खान के साथ काजोल को ऑफर किया गया था।

सालों बाद माफी मांगी
सालों बाद शाहरूख खान और ऐश्वर्या राय एक पार्टी में मिले और शाहरूख खान ने बीती सारी बातों के लिए ऐश्वर्या राय से माफी मांगी। दोनों सुपरस्टार्स के बीच अब सब कुछ ठीक है और ऐश्वर्या राय बच्चन, शाहरूख खान के साथ करण जौहर की फिल्म ऐ दिल है मुश्किल में दिखाई दी थीं। अब वो शाहरूख खान के साथ एक बड़ी फिल्म करना चाहती हैं।


Click it and Unblock the Notifications