क्या आप जानते हैं ‘ये जवानी है दीवानी’ के अवि और तरण के बीच है रियल लाइफ रिश्ता!

फिल्म 'ये जवानी है दीवानी' साल 2013 में आयी एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म है। यह फिल्म जिंदगी को भरपूर तरीके से जीना सिखाने के साथ-साथ दोस्ती के मायने भी दिखाती है। फिल्म में दीपिका पादुकोण और रणबीर कपूर की जोड़ी नजर आयी थी। वहीं कल्कि कोचलिन और आदित्य रॉय कपूर भी फिल्म में दिखायी दिये थे। फिल्म की कहानी दोस्तों की एक तिकड़ी की है जिसमें बनी/कबीर थापर (रणबीर कपूर), अवि (आदित्य रॉय कपूर) और अदिती (कल्कि कोचलिन) है। तीनों एक ट्रिप पर जाकर स्कूल की अपनी दोस्त नैना तलवार (दीपिका पादुकोण) से मिलते हैं। नैना को बनी से प्यार हो जाता है। उधर अदिती भी अवि से प्यार तो करती है लेकिन अवि को इस बात का अहसास ही नहीं है। अवि इस प्यार को बस दोस्ती समझता रहता है। लेकिन एक समय ऐसा आता है जब अदिति जिंदगी में आगे बढ़ने का फैसला लेती है और तरण से शादी करने वाली होती है। यहीं वह समय होता है जब अवि को अहसास होता है कि वह भी अदिती से प्यार करता है।
अवि और तरण का रियल लाइफ रिश्ता :
अवि अपने प्यार के इस एहसास को दिल में ही दबा देता है क्योंकि तब तक बहुत देर हो चुकी होती है। अदिति उदयपुर में डेस्टिनेशन वेडिंग कर रही है जिसमें उसने अपने तीनों दोस्तों अवि, बनी और नैना को बुलाया है। इस शादी में आकर नैना की बनी के साथ लव स्टोरी शुरू हो जाती है। फिल्म देखने वाले काफी लोगों के बीच अदिती का अवि को छोड़कर तरण से शादी करने की बात पर बहस होती रहती है। कोई कहता है अदिति को अवि के लिए रुकना चाहिए था तो कोई कहता है अदिती तरण से शादी करके सही करती है। लेकिन इन बातों के बीच क्या आपको पता है कि अवि और तरण के बीच क्या रिश्ता है? अवि और तरण दोनों भाई हैं। जी हां, अवि यानी आदित्य रॉय कपूर और तरण यानी कुणाल रॉय कपूर आपस में सगे भाई हैं। दरअसल, तीन भाइयों में सबसे बड़े सिद्धार्थ रॉय कपूर हैं, जिनसे विद्या बालन ने शादी की है। दूसरे भाई कुणाल रॉय कपूर हैं जिन्होंने 'ये जवानी है दीवानी' में तरण का किरदार निभाया है और तीसरे भाई आदित्य रॉय कपूर हैं।
फिल्म ने बदल दी प्यार की परिभाषा :
फिल्म 'ये जवानी है दीवानी' ने मॉडर्न प्यार को तो दिखाया लेकिन इसने प्यार की परिभाषा भी बदल दी है। मस्तमौला बनी और खुलकर जीने वाली नैना की लव स्टोरी कभी आपको हंसाती है, कभी रुलाती है और कभी दोस्ती के नये पहलुओं से वाकिफ करवाती है। यह फिल्म आपको खुद से प्यार करना, अपने लिए जीना और अपने सपनों के पीछे भागने का हौंसला देती है। इसके साथ ही फिल्म में यह भी समझाया गया कि सिर्फ प्यार का नाम रटते रहना ही काफी नहीं होता बल्कि उस प्यार को पाने के लिए अपनी तरफ से समय रहते कोशिश भी करनी चाहिए वर्ना अवि की तरह सब कुछ पाकर भी इंसान सब खो सकता है।


Click it and Unblock the Notifications













