Year Ender 2025: इन ऑन स्क्रीन कपल्स ने रोमांस के तोड़े सारे रिकॉर्ड, साल भर छाई रहीं इन सितारों की फिल्में
Year Ender 2025: साल 2025 में सिनेमा के साथ-साथ कहानियों का अंदाज़ भी बदलता रहा और इसमें ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री ने अहम भूमिका निभाई। इस साल कई ऐसी जोड़ियां सामने आईं जिन्होंने सिर्फ साथ काम नहीं किया, बल्कि ऐसे पल रचे जिन्हें दर्शकों ने दिल से महसूस किया। इन जोड़ियों के रोमांटिक सीन्स लोगों बेहद ने पसंद किए, उन्हें याद रखा और थिएटर से बाहर निकलने के बाद भी उनकी चर्चा होती रही। कहीं सच्चा और गहरा प्यार दिखा, तो कहीं हल्की-फुल्की दोस्ती और अपनापन। इन ऑन-स्क्रीन जोड़ियों ने फिल्मों को भावनाओं से भर दिया और हर जगह बातचीत का हिस्सा बनीं। आइए देखते हैं उन जोड़ियों को जिनसे 2025 में दर्शकों को सच में प्यार हो गया।

अहान पांडे और अनीत पड्डा (सैयारा )
सैयारा में अहान पांडे और अनीत पड्डा की जोड़ी ने एक ताजा और बहुत ही खूबसूरत प्यार की कहानी पेश की। दोनों का रिश्ता सच्ची भावनाओं, और सपनों से भरा हुआ लगा। उनकी केमिस्ट्री बनावटी नहीं लगी, बल्कि बिल्कुल नैचुरल महसूस हुई। दोनों के प्यार और रोमांस को देख फैंस तक की आंखें भर आईं और फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई की।
विक्की कौशल और रश्मिका मंदाना (छावा)
'छावा' में विक्की कौशल और रश्मिका मंदाना की जोड़ी ने दर्शकों का दिल जीत लिया। इस फिल्म में दोनों की केमिस्ट्री गहरी भावनाओं और गंभीरता से भरी हुई नजर आई। विक्की की दमदार मौजूदगी के साथ रश्मिका की मजबूत और असरदार अदाकारी खूब जमी। दोनों का रिश्ता स्क्रीन पर बहुत सच्चा लगा, जैसे ये किरदार सच में उस दुनिया का हिस्सा हों। उनकी जोड़ी ने फिल्म की कहानी को और मजबूत बनाया और यही वजह रही कि साल भर उनकी केमिस्ट्री की खूब चर्चा होती रही।
अजय देवगन और रकुल प्रीत सिंह (दे दे प्यार दे 2)
'दे दे प्यार दे 2' में अजय देवगन और रकुल प्रीत सिंह की जोड़ी एक बार फिर हल्के-फुल्के अंदाज़ में नजर आई। फिल्म में प्यार को समझदारी और आज की सोच के साथ दिखाया गया। उनकी केमिस्ट्री मज़ेदार बातचीत, अपनापन और सच्ची भावनाओं के साथ और खूबसूरत लगती है। दोनों का साथ स्क्रीन पर बिल्कुल नैचुरल लगी।
धनुष और कृति सेनन (तेरे इश्क़ में)
'तेरे इश्क़ में' में धनुष और कृति सेनन की जोड़ी ने गहराई और सादगी का खूबसूरत मेल दिखाया। धनुष का किरदार पूरी तरह से कहानी में डूबा हुआ नजर आया, वहीं कृति ने अपने किरदार की भावनाओं को धीरे-धीरे और बहुत सच्चे तरीके से सामने रखा। दोनों के बीच का प्यार न ज़्यादा बनावटी लगा, न ही दिखावटी, बल्कि बिल्कुल दिल से जुड़ा हुआ महसूस हुआ। उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री ने फिल्म की भावनात्मक कहानी को मजबूत बनाया और दर्शकों के मन में लंबे समय तक असर छोड़ दिया।
अक्षय कुमार और जैकलीन फर्नांडिस (हाउसफुल 5)
हाउसफुल 5 में अक्षय कुमार और जैकलीन फर्नांडिस की जोड़ी ने एंटरटेनमेंट का पूरा डोज़ दिया। दोनों की जानी-पहचानी केमिस्ट्री ने फिल्म में जान डाल दी। अक्षय का कॉमिक टाइमिंग और जैकलीन का ग्लैमर मिलकर कहानी को और मज़ेदार बनाते हैं। उनकी जोड़ी ने फ्रेंचाइज़ी की पहचान को बनाए रखते हुए दर्शकों को हंसाया और पूरा मनोरंजन किया।
आदित्य रॉय कपूर और सारा अली खान (मेट्रो इन दिनों)
'मेट्रो इन दिनों' ने शहरों में बनने-बिगड़ने वाले रिश्तों को संवेदनशील तरीके से दिखाया, जिसमें आदित्य रॉय कपूर और सारा अली खान की जोड़ी ने कहानी को मज़बूती दी। दोनों की सधी हुई केमिस्ट्री आज के दौर के प्यार को दिखाती है, जहां सपने, डर और भावनाएं एक साथ चलती हैं। उनकी अदाकारी में सादगी थी जिससे उनकी कहानी आज के दर्शकों को बेहद अपनी-सी लगी।
2025 ने एक बार फिर साबित किया कि यादगार सिनेमा की जान अक्सर ऑन-स्क्रीन रिश्तों में होती है। इन जोड़ियों ने न सिर्फ अपनी फिल्मों को मज़बूत बनाया, बल्कि ऐसी केमिस्ट्री दिखाई जो सच्ची, दिल से जुड़ी और दर्शकों को छू जाने वाली लगी। जैसे-जैसे कहानियां आगे बढ़ेंगी, ये ऑन-स्क्रीन जोड़ियाँ 2025 के सिनेमा की सबसे खास और यादगार झलक बनकर हमेशा याद रखी जाएंगी।


Click it and Unblock the Notifications











