Rajamouli : इस अजीब नाम से एस. एस. राजामौली को बुलाते हैं लोग, हो गया खुलासा

अंतरराष्ट्रीय सिनेमा इंडस्ट्री में इस समय एस. एस. राजामौली का नाम छाया हुआ है। राजामौली की फिल्म 'आरआरआर' के गाने नाटू-नाटू को ओरिजिनल सॉन्ग कैटेगरी में ऑस्कर अवार्ड दिया गया है। इससे पहले इस गाने को गोल्डन ग्लोब अवार्ड भी मिल चुका है। यहीं वजह है कि अपनी फिल्म के साथ राजामौली का नाम भी छाया हुआ है। राजामौली साउथ इंडियन फिल्म इंडस्ट्री के सुपरहिट डायरेक्टर हैं, जिनकी कोई भी फिल्म फ्लॉप नहीं होती है। पैन इंडिया रिलीज हुई फिल्म 'बाहुबली' की सफलता के बारे में सभी जानते हैं। राजामौली को इतिहास से संबंधित और इतिहास पर आधारित फिल्में बनाना बहुत पसंद है। वह रामायण और महाभारत पर फिल्में बनाना चाहते हैं, लेकिन राजामौली इसके लिए कम से कम 10 सालों तक रिसर्च करना चाहते हैं। लेकिन क्या आपको पता है, इस बाहुबली डायरेक्टर को उनके दोस्त किस नाम से पुकारते हैं। चलिए हम आपको बताते हैं :
'आरआरआर', 'बाहुबली' जैसी फिल्मों में राजामौली के साथ काम कर चुके आर्ट डायरेक्टर साबु सीरियल ने एस. एस. राजामौली के निकनेम के बारे में खुलासा किया है। एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने बताया, "राजामौली एक ऐसे इंसान हैं, जो सिनेमा में ही सांस लेते हैं, सिनेमा ही खाते हैं और सिनेमा ही ओढ़ कर सो जाते हैं। ये इंसान फिल्मों का आदि हो चुका है। मैंने राजामौली को इसी तरह से देखा है। राजामौली फिल्मों के अलावा और किसी बात को लेकर सोचते ही नहीं हैं।" साबु ने आगे बताया, "राजामौली का एक निकनेम है, झक्काना। प्रभास, जूनियर एनटीआर जैसे एक्टर जो राजामौली के साथ काम कर चुके हैं, वे उन्हें इसी नाम से पुकारते हैं।"
बकौल साबु सीरियल, "राजामौली को भी अपना यह नाम काफी पसंद है। वह खुद को झक्काना के नाम से पुकारा जाना पसंद करते हैं। दरअसल, झक्काना एक कलाकार का नाम था। मुख्य तौर पर वह मुर्तिकार थे। इसलिए राजामौली खुद को मन ही मन उसी कलाकार की तरह मानते हैं।" साबु ने इस इंटरव्यू के दौरान कहा कि हमें कभी यह पता ही नहीं चल पाया कि राजामौली कब सोते हैं। साबु ने कहा, "मुझे बताया गया था कि राजामौली भोर में 4.30 बजे उठ जाते हैं। इसलिए मैं उनसे पहले उठकर सेट पर पहुंचने की कोशिश करता था। लेकिन वहां पहुंचकर देखता था कि वह सबसे पहले ही वहां पहुंच चुके हैं।" राजामौली के बारे में एक दिलचस्प बात बताते हुए साबु ने कहा, "फिल्मों में अपने एक्टर को घुड़सवारी का दृश्य समझाने से पहले राजामौली ने पहले खुद ही घुड़सवारी सीखी थी।"


Click it and Unblock the Notifications













