B'day Special : सनी देओल का गुस्सा इतना खतरनाक कि डायरेक्टर के सामने ही फाड़ डाली जींस, यहां जाने क्यों
90 के दशक में किसी फिल्मों में जितना एक्शन सीक्वेंस सनी देओल की फिल्मों में देखने को मिलता था, उतना शायद ही किसी और की फिल्मों में होता था। रील के साथ-साथ रियल लाइफ में भी सनी देओल की इमेज एक एक्शन हीरो की ही रही है। फिल्म 'बेताब' से डेब्यू करने के बाद सनी देओल ने एक के बाद एक कई सफल फिल्में दी लेकिन साल 2001 में आयी उनकी फिल्म 'गदर एक प्रेम कथा' ने सारे रिकॉर्ड्स तोड़ दिये। सनी देओल बॉलीवुड में सलमान खान के लिए मसीहा बन गये तो वहीं फिल्म डर में शाहरुख खान से हुए मनमुटाव के कारण उन्होंने फिर कभी साथ में काम ना करने का फैसला ले लिया। 19 अक्टूबर को सनी देओल अपना बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे हैं। आज के समय में सनी अभिनेता के साथ राजनेता की भूमिका भी बखूबी निभा रहे हैं।
आइए Birthday Special में सनी देओल से जुड़ी कुछ दिलचस्प बातों पर एक नजर डालते हैं :

'डर' के क्लाइमेक्स सीन को लेकर यश चोपड़ा से हो गयी बहस :
फिल्म 'डर' में सनी देओल के साथ जूही चावला और नेगेटिव किरदार में शाहरुख खान थे। फिल्म के क्लाइमेक्स में एक सीन होना था जिसमें शाहरुख, सनी को चाकू मार देते हैं। इस सीन को लेकर ही यश चोपड़ा के साथ उनकी बहस हो गयी। बात इतनी बढ़ गयी कि सनी ने गुस्से में अपनी जींस ही फाड़ डाली। दरअसल, फिल्म में सनी एक कमांडो की भूमिका निभा रहे थे। ऐसे में एक आम लड़का (शाहरुख खान) उनके सामने से आकर उनको चाकू मार दे, यह बात उन्हें हजम नहीं हो रही थी। सनी ने डायरेक्टर से कहा कि जब मैं ना देख रहा होऊं, ऐसे समय में शाहरुख मुझे मार सकता है। लेकिन डायरेक्टर कुछ समझने के लिए तैयार ही नहीं थे। उधर फिल्म के बुजुर्ग डायरेक्टर से कुछ कहने में नाकाम सनी ने अपना गुस्सा अपनी जींस पर उतारा और उसे फाड़ डाला। सनी की इस हरकत के बाद सेट पर अफरातफरी का माहौल बन गया था। सभी डर के मारे इधर-उधर भागने लगे थे।

14 साल की उम्र में हो गयी थी सगाई :
सनी देओल ने इंग्लैंड में जाकर एक्टिंग की पढ़ाई की। धर्मेंद्र उन्हें कुमार गौरव की फिल्म 'लव स्टोरी' जैसी ही किसी फिल्म से लॉन्च करना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने जावेद अख्तर को कहानी लिखने की जिम्मेदारी सौंपी। इधर सनी देओल जिनकी उनकी पत्नी पूजा से 14 साल की उम्र में ही सगाई हो गयी थी, के पिता को जब पता चला कि सनी फिल्मों में काम करना शुरू करने वाले हैं, तो उन्हें यह डर सताने लगा कि अब उनकी बेटी पूजा को सनी छोड़ देंगे। इस वजह से उन्होंने धर्मेंद्र पर सनी से शादी का दबाव डालने लगे। आखिरकार गुपचुप तरीके से धर्मेंद्र ने फिल्म 'बेताब' के रिलीज होने से पहले ही सनी और पूजा की शादी करवा दी। लेकिन कॅरियर की वजह से दोनों की शादी की बात को छिपायी गयी और 'बेताब' के रिलीज हो जाने के बाद रिश्तेदारों और दोस्तों की मौजूदगी में फिर से दोनों की शादी करवायी गयी।

भाईयों को पूरी छूट ना देने का अफसोस :
सनी देओल अपने दोनों बेटों राजवीर और करण के लिए खुद को एक सख्त पिता मानते हैं। उनका कहना है कि एक मां का काम मां, पिता का काम पिता और एक दोस्त का काम दोस्त ही कर सकता है। उसी तरह उन्होंने अपने भाईयों अभय और बॉबी के लिए भी काफी सख्त नियम बना रखे थे। एक इंटरव्यू के दौरान सनी ने कहा था कि अभय एक बिंदास बंदा है। वह अपने लिए कुछ ना कुछ जरूर कर लेगा। लेकिन बॉबी को लेकर अफसोस जताते हुए उन्होंने कहा कि हम घर में बॉबी को बेबी कहते थे और उसे बेबी बनाकर भी रखते थे। बॉबी के कॅरियर में जो भी उतार-चढ़ाव आये, उसके लिए सनी खुद को जिम्मेदार मानते हैं। उनका कहना है कि अगर उन्होंने बॉबी देओल को पूरी छूट दे दी होती तो आज उनका कॅरियर कुछ और हो सकता था।

'बेताब' से शुरू हुआ सफर कई सुपरहिट फिल्मों के पड़ाव से गुजरा :
साल 1983 में फिल्म 'बेताब' में अमृता सिंह के साथ सनी देओल ने बॉलीवुड में डेब्यू किया था। यह अमृता सिंह की भी डेब्यू फिल्म थी। इस फिल्म में सनी के काम को काफी पसंद किया गया था। इसके बाद सनी देओल ने कई ब्लॉकबस्टर फिल्में 'घायल', 'बॉर्डर', 'डर', 'दामिनी', 'त्रिदेव', 'पाप की दुनिया', 'गदर एक प्रेम कथा' जैसी फिल्मों में काम किया। सनी देओल ने भाई बॉबी देओल और पिता व बॉलीवुड के हीमैन धर्मेंद्र के साथ फिल्म 'अपने' और 'यमला पगला दीवाना' में भी काम किया जिसे काफी पसंद किया गया था।


Click it and Unblock the Notifications











