Birthday Special : जब अर्जुन बिजलानी ने लिया था पत्नी का अबॉर्शन करवाने का मुश्किल फैसला, जानें क्यों
सिंधी परिवार में जन्मे अर्जुन बिजलानी आज किसी पहचान के मोहताज नहीं है। 'खतरों के खिलाड़ी' और 'बिग बॉस' का खिताब अपने नाम कर चुके अर्जुन टेलीविजन के टीआरपी किंग कहलाते हैं। लेकिन यह खिताब उन्हें इतनी आसानी से नहीं मिला है। यह अर्जुन की सालों की मेहनत का नतीजा है। निजी जिंदगी में कई उतार-चढ़ाव देखने वाले अर्जुन बिजलानी ने हाल ही 'स्मार्ट जोड़ी' में बतौर सेलिब्रिटी कपल हिस्सा लिया था। शो के दौरान उन्होंने अपनी जिंदगी से जुड़ी एक शॉकिंग फैसले के बारे में बताया। अर्जुन बिजलानी 31 अक्टूबर को अपना बर्थडे सेलिब्रेट करते हैं। अर्जुन जल्द ही ऑनएयर होने जा रहे शो 'स्पिल्ट्सविला' को सनी लियोनी के साथ होस्ट करने वाले हैं।
आइए आपको बर्थडे बॉय अर्जुन बिजलानी से जुड़ी कुछ दिलचस्प जानकारियां देते हैं

शौक से लेकर गंभीर पेशा बना एक्टिंग :
अर्जुन बिजलानी का जन्म मुंबई में हुआ और मुंबई में पैदा होने वाले लगभग हर युवा की तरह अर्जुन भी बचपन से ही एक्टिंग में ही अपना कॅरियर बनाने का सपना देखते थे। शुरुआती दिनों में तो अर्जुन इसे एक शौक की तरह लेते थे। लेकिन इसके बाद उनके जीवन में ऐसा दौर आया कि इस शौक को ही उन्होंने कमाई का जरिया बनाया। दरअसल, अर्जुन जब 19 साल के तब अचानक उनके सिर से पिता का साया उठ गया। घर का बड़ा बेटा होने के नाते मां और छोटे भाई की देखभाल करने की जिम्मेदारी अर्जुन के कंधे पर ही आ गयी। इसके बाद अर्जुन ने एक्टिंग को गंभीरता से लेना शुरू किया। काम की तलाश में सुबह से शाम तक स्टुडियोज का चक्कर लगाते रहते थे।

शादी की जल्दी में भूल गये यह अहम चीज :
अर्जुन बिजलानी और उनकी पत्नी नेहा स्वामी बचपन के दोस्त थे। लंबे समय तक दोनों ने एक-दूसरे को डेट करने के बाद साल 2013 में शादी कर ली। उनकी शादी इस्कॉन मंदिर में हुई थी। शादी की सारी रस्मों के बाद जब पंडित ने अर्जुन से नेहा के गले में मंगलसूत्र बांधने के लिए कहा, तब उन्हें ध्यान आया कि शादी की जल्दबाजी में मंगलसूत्र तो अर्जुन के घर में ही छुट गयी है। फिर किसी को भेजकर अर्जुन के घर से मंगलसूत्र मंगवाया गया जिसके बाद दोनों की शादी पूरी हुई।

आर्थिक तंगी में लिया था यह बड़ा फैसला :
नेहा से शादी के बाद का अर्जुन काफी ज्यादा आर्थिक तंगी से गुजर रहे थे। हालांकि उनकी मां और पत्नी ने इस दौर में उनका पूरा साथ दिया। इस बीच अर्जुन और नेहा को एक दिन पता चला कि वे माता-पिता बनने वाले हैं। अर्जुन ने शो 'स्मार्ट जोड़ी' के दौरान इस बारे में खुलासा करते हुए बताया कि उन्होंने आर्थिक तंगी के कारण अपने पहले बच्चे को इस दुनिया में नहीं लाने का फैसला लिया था। बकौल अर्जुन, "एक बच्चा काफी बड़ी जिम्मेदारी होती है। उस समय मेरे अकाउंट में 40-50,000 रुपये ही थे। मैं पिछले 1-1.5 सालों से कोई काम भी नहीं कर रहा था। इसलिए मैंने नेहा पर अबॉर्शन का दबाव बनाया। नेहा रोयी भी बहुत लेकिन बाद में मान गयी थी।" आखिरकार 2015 में अर्जुन और नेहा ने अपने बेटे को जन्म दिया।

हिट शो के टीआरपी किंग बन गये अर्जुन :
अर्जुन बिजलानी ने अपना कॅरियर साल 2004 में सीरियल 'कार्तिका' से की थी। लेकिन यह शो उनको खास पहचान नहीं दिला पायी। इसके बाद वह शो 'रीमिक्स' का हिस्सा बनें लेकिन यहां भी उनको नाकामी मिली। आखिरकार 4 साल की मेहनत के बाद साल 2008 में उन्हें टीवी शो 'लेफ्ट राइट लेफ्ट' मिला। इस शो में अर्जुन ने सफलता पायी। इसके बाद उन्होंने 'मोहे रंग दे', 'मिले जब हम तुम', 'इश्क में मरजावां', 'नागिन', 'परदेस में है मेरा दिल', 'मेरी आशिकी तुमसे ही', 'जो बीवी से करे प्यार' और 'किचन चैम्पियन' जैसे शो में सफलता का स्वाद चखा और आगे बढ़ते गये। अर्जुन अब एक्टिंग के साथ-साथ शो को होस्ट भी करते हैं और फैंस उन्हें एक होस्ट के तौर पर काफी पसंद करते हैं। अर्जुन 'बिग बॉस' और 'खतरों के खिलाड़ी' के विजेता भी बन चुके हैं। जल्द ही वह 'स्पिल्ट्सविला' को सनी लियोनी के साथ होस्ट करने वाले हैं।


Click it and Unblock the Notifications











