बाप बेटे के साथ एक ही एक्ट्रेस के रोमांस को लेकर यह क्या कह गईं जाह्नवी कपूर...

भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की पहली महिला सुपरस्टार श्रीदेवी के साथ बेटी जाह्नवी कपूर की लोग अक्सर तुलना करते हैं। श्रीदेवी ने अपना फिल्मी करियर उस समय शुरू किया था, जब आमतौर पर बच्चियां गुड्डे-गुड़ियों से खेलती हैं। धीरे-धीरे करियर में आगे बढ़ते हुए श्रीदेवी ने काफी कम उम्र से ही फिल्मों में लीड एक्ट्रेस का किरदार निभाना शुरू कर दिया था। महज 13 साल की उम्र में खुद के दोगुने उम्र के एक्टर्स के साथ श्रीदेवी ने रोमांस किया था। वहीं जब उन एक्टर्स के बेटे बतौर लीड एक्टर फिल्मों में नजर आए तो श्रीदेवी ने उनके साथ ही रोमांटिक फिल्में की। इनको लेकर ही अब श्रीदेवी की बेटी और बॉलीवुड में अपनी पहचान बना रही जाह्नवी कपूर का चौंकाने वाला बयान सामने आया है।
दरअसल, फिल्म 'धड़क' से बॉलीवुड में डेब्यू करने के बाद से ही जाह्नवी कपूर के अक्सर ट्रोल होना पड़ता है। कभी अपने बयानों को लेकर तो कभी अपनी मां के साथ उनकी तुलना की जाती है। कई बार जाह्नवी को सिर्फ स्टार किड होने की वजह से ही बुरी तरह से ट्रोलिंग झेलनी पड़ी है। अब अपनी मां श्रीदेवी के बाप और बेटे दोनों के साथ फिल्मों में रोमांस को लेकर जाह्नवी ने बड़ा बयान दे दिया है।
अपने बयान में जाह्नवी कपूर ने कहा, "मेरी मां ने मात्र 13 साल की उम्र में बतौर हीरोइन लोकप्रियता पा ली थी। 13 साल की उम्र में वह पिताओं की हीरोइन हुआ करती थी। फिर जब मेरी मां की उम्र 21 साल हुई तो उन्होंने उन एक्टर्स के बेटों के साथ फिल्मी पर्दे पर रोमांस किया। यह ठीक नहीं है। लेकिन उस समय ऐसे ही काम होता था।" हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान भी जाह्नवी कपूर ने अपनी मां के साथ खुद की तुलना को लेकर बयान दिया था। जाह्नवी कपूर ने कहा था, "जो लोग मुझसे काफी ज्यादा उम्मीद लगाए हुए बैठे हैं, मैं उन्हें दोष नहीं दे सकती हूं। मैं उनकी उम्मीदों को पूरा करने के लिए पूरी कोशिश भी कर रही हूं। हो सकता है कि मेरे पास मेरी मां की तरह रूप और गुण कुछ भी नहीं है। लेकिन मेरी यूएसपी मेरी मेहनत है। मुझे पता है कि मुझे कहां पहुंचना है।" जाह्नवी ने आगे कहा, "अगर मेरी मां के साथ मेरी तुलना होती है तो मुझे क्यों बुरा लगेगा? मैं क्यों गुस्सा हो जाउंगी? इस दुनिया की सर्वश्रेष्ठ इंसान के साथ मेरी तुलना हो रही है। इस तरह से ही लोग मुझे उस इंसान के और करीब पहुंचने की हिम्मत दे रहे हैं। मेरा लक्ष्य आसमान है।"
श्रीदेवी बेटी जाह्नवी कपूर की डेब्यू फिल्म 'धड़क' नहीं देख पाई थी। इस फिल्म के रिलीज होने के कुछ दिनों पहले ही दुबई में संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मौत हो गयी थी। हालांकि श्रीदेवी को पता था कि जाह्नवी कपूर बॉलीवुड में डेब्यू करने वाली हैं और उन्हें इस बात का भी अंदाजा था कि उनके साथ बेटी जाह्नवी की तुलना होगी। इसीलिए तो उन्होंने फिल्मों में कदम रखने से पहले ही जाह्नवी कपूर से कहा था, "मेरी 300 फिल्मों के साथ तुम्हारी पहली फिल्म की ही तुलना की जाएगी।"

Click it and Unblock the Notifications














