Best Horror Films: दिल पक्का करके देखें ओटीटी की ये हॉरर फिल्में, किसी भी वक्त निकल सकती हैं डर से चीखें

हर OTT दर्शक का अपना अलग टेस्ट होता है। कोई रोमांटिक फिल्मों का दीवाना होता है तो कोई एक्शन फिल्मों का। कुछ लोगों को कॉमेडी फिल्में पसंद आती हैं तो कुछ लोगों को अंधेरे कमरे में बैठकर पॉपकॉर्न खाते हुए हॉरर फिल्में देखना पसंद होता है। अगर आप भी हॉरर फिल्मों के शौकीन हैं, तो हम आपको यहां अलग-अलग ओटीटी प्लेटफार्म पर कुछ बेस्ट हॉरर फिल्मों के बारे में बता रहे हैं। हां, इन फिल्मों को देखने से पहले अपना दिल पक्का जरूर कर लें। और हां, अपने कमरे की खिड़कियां भी बंद कर ले, ताकि अगर फिल्म देखते समय डर के मारे चीख निकल जाए तो घर से बाहर किसी को सुनाई ना दे।

द कंजूरिंग :
अगर आप हॉरर फिल्मों के दीवाने हैं तो आपको पैरानॉर्मल एक्सपर्ट एड और लॉरेन वार्नर के बारे में पता ही होगा। आपको यह भी पता होगा कि वार्नर के इन्वेस्टिगेशन को आधार बनाकर सच्ची घटनाओं पर अब तक कई फिल्में बनायी जा चुकी हैं। इन फिल्मों में से एक है साल 2013 में आयी फिल्म 'द कंजूरिंग'। नेटफ्लिक्स पर यह अब तक कि सबसे ज्यादा डरावनी फिल्म मानी जाती है। यह फिल्म एक ऐसे परिवार की है, जो अपने नये घर में शिफ्ट होने के बाद पैरानॉर्मल अनुभव कर रहे थे। इसके बाद इस परिवार ने पैरानॉर्मल एक्सपर्ट लॉरेन की मदद ली जो उस शैतान से लड़ते हैं और इस परिवार को बचाते हैं।

बर्ड बॉक्स :
साल 2018 में रिलीज हुई फिल्म 'बर्ड बॉक्स' नेटफ्लिक्स के बेहतरीन हॉरर फिल्मों में से एक है। इस फिल्म की कहानी एक मां और उसकी दो बेटियों की हैं, जिनमें उस शैतानी ताकत के खिलाफ लड़ने की हिम्मत थी, जो लोगों को आत्महत्या के लिए उकसाती है। इस फिल्म में बहुत ज्यादा डरावने सिन्स तो नहीं हैं लेकिन फिल्म में यह देखना काफी दिलचस्प है कि कैसे एक मां अपनी दोनों बेटियों के साथ सुरक्षित बाहर निकल पाती है या निकल भी पाती है या नहीं।

कार्निवल ऑफ सोल्स :
हॉरर के साथ मिस्ट्री का लड़का लगाती अमेजॉन प्राइम वीडियो की फिल्म 'कार्निवल ऑफ सोल्स' एक ऐसी लड़की मैरी हेनरी की कहानी है, जिसकी गाड़ी का एक बुरा एक्सीडेंट होता है। इसके बाद एक नये शहर में सेटल होने की कोशिशों में जुटी इस लड़की को जॉम्बी की तरह कुछ परछाईयां दिखायी देने लगती हैं। ये परछाइयां उसे एक कार्निवल में आने के लिए बुलाती हैं।

यू टर्न :
तेलुगू फिल्म 'यू टर्न' में सामंथा रुथ प्रभु और भूमिका चावला नजर आयी थी। अमेजॉन प्राइम वीडियो पर उपलब्ध इस फिल्म की कहानी एक फ्लाईओवर की है। इस फ्लाईओवर पर कुछ आत्माएं भटकती रहती हैं, जो ट्रैफिक नियमों को तोड़ने वाले लोगों से बदला लेती हैं। फिल्म में सामंथा एक न्यूज रिपोर्टर की भूमिका में है जो उस फ्लाईओवर से होकर गुजरती है, जहां आमतौर पर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। बाद में उन्हें फ्लाईओवर पर भटकती इन आत्माओं के बारे में पता चलता है।

कुमारी :
मलयालम फिल्म 'कुमारी' एक श्रापित परिवार की कहानी है। इस परिवार को मिले श्राप से अनजान कुमारी की शादी इस परिवार में होती है। शादी के कुछ समय बाद ही उसे इस परिवार में घटने वाली अजीब और डरावनी घटनाओं के बारे में पता चलता है, जिन्हें रोकने की वह कोशिशें करने लगती है। फिल्म में कुमारी का किरदार ऐश्वर्या लक्ष्मी ने निभाया था। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है।

पैरानॉर्मल एक्टिविटी :
साल 2007 में रिलीज हुई फिल्म 'पैरानॉर्मल एक्टिविटी' एक यंग कपल की कहानी है। यह कपल अपने घर में अचानक पैरानॉर्मल एक्टिविटी को महसूस करने लगता है। यह कपल अपना घर छोड़कर भागने के बजाए इन पैरानॉर्मल एक्टिविटी को अपने कैमरे पर फिल्माने लगता है। जब बाद में इन रिकॉर्डिंग्स को देखा जाता है तो इन सुपरनैचुरल एक्टिविटी को देखकर सभी के रोंगटे खड़े हो जाते हैं। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है।


Click it and Unblock the Notifications











